अगर आप गाड़ी खरीदने जा रहे हैं, तो एक बार इस खबर से जरूर गुजर जाइए। एशिया का सबसे बड़ा ऑटो एक्सपो दिल्ली में बुधवार को शुरू हुआ। यह शो आम लोगों के लिए 13 जनवरी से खुलेगा, लेकिन इससे पहले दैनिक भास्कर एक्सक्लूसिव न्यू लॉन्चेस और व्हीकल्स की इनडेप्थ जानकारी आपके लिए लाया है।
दुनियाभर की ऑटो कंपनियां अब भविष्य की गाड़ियों पर काम कर रही हैं। ये गाड़ियां इलेक्ट्रिकल व्हीकल यानी EV होंगी। पहले दिन मारुति, टाटा, हुंडई और MG जैसी कंपनियों ने नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च की हैं। एक-एक करके इनके बारे में जान लेते हैं…
1. टाटा: सिएरा, इलेक्ट्रिक एक्सक्लूसिव कर्व, अविन्या और हैरियर EV
ऑटो एक्सपो के पहले दिन की शो स्टॉपर रही टाटा सिएरा EV कॉन्सेप्ट, जिसे कंपनी ने 22 साल बाद वापस पेश किया है। इस थ्री डोर मॉडल को कंपनी ने 1991 में लॉन्च किया था और 2000 में इसका प्रोडक्शन बंद कर दिया था। SUV के इलेक्ट्रिक अवतार में भी इसका मूल डिजाइन बरकरार रखा गया है।
टाटा ने इलेक्ट्रिक SUV कर्व को भी पेश किया। यह टाटा की पहली कार है जिसे पेट्रोल या डीजल की जगह सीधे इलेक्ट्रिक वर्जन में लाया जाएगा। कूपे स्टाइल की इस कार को 2025 तक लॉन्च करने की बात कही जा रही है।
टाटा कर्व को इलेक्ट्रिक एक्सक्लूसिव SUV के तौर पर लॉन्च किया गया है, यानी इसके पेट्रोल-डीजल वर्जन नहीं हैं।
ऑटो एक्सपो में टाटा ने अपनी प्रीमियम SUV हैरियर का इलेक्ट्रिक वर्जन भी पेश किया है। वहीं, अविन्या प्रीमियम EV को कंपनी भी ऑटो शो में लाई। इसे 2025 तक लॉन्च करने की बात कही है। इसे कस्टमर की जरूरत के मुताबिक कस्टमाइज किया जा सकेगा।
टाटा अविन्या की इंटरनल सिटिंग पूरी तरह कस्टमाइज की जा सकेगी। यानी इसमें अपनी पसंद के मुताबिक बदलाव किया जा सकेगा।
2. हुंडई: आयनिक-5, रेंज- 631 KM, 18 मिनट में 80% चार्जिंग
शो के पहले दिन सेंटर ऑफ अट्रैक्शन रहे शाहरुख खान, जो इलेक्ट्रिक SUV आयनिक-5 को लॉन्च करने पहुंचे थे। भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता हुंडई मोटर्स की इस प्रीमियम कार में 72.6 KwH का बैटरी पैक दिया गया है। यह बैटरी 214BHP का पावर और 350Nm का टॉर्क जनरेट करती है। फुल चार्ज होने पर इस SUV में 631 किमी का रेंज मिलेगी।
शाहरुख खान हुंडई की प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV आयनिक-5 को लॉन्च करने ऑटो एक्सपो में पहुंचे थे। इस SUV की कीमत 44 लाख रुपए है।
कंपनी का कहना है कि आयनिक-5 को केवल 18 मिनट में 80% तक चार्ज किया जा सकता है। इसके लिए 350kW का डीसी चार्जर इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी ने कार की शुरुआती कीमत 44.95 लाख रुपए रखी है, जो वैरिएंट के हिसाब से बढ़ सकती है।
हुंडई के ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान ने आयनिक-5 की लॉन्चिंग के दौरान मीडिया को कार के बारे में जानकारी दी।
3. मारुति: इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX, रेंज – 550 KM
इवेंट में मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX भी पेश की। इमेजिनेक्स्ट विजन के साथ लाई गई इस कार को लेकर कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 550 KM चल सकेगी। कंपनी इलेक्ट्रिक SUV प्रोडक्शन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी।