शाहरुख खान की फिल्म पठान का गाना बेशरम रंग जब से रिलीज हुआ है तब से कई वजहों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस गाने को लेकर तरह-तरह के एक्सपेरिमेंट किए जा रहे हैं। अब हाल ही में कोलकाता के एक म्यूजिक क्रिएटर सौम्य मुर्खजी ने इस गाने का गजल वर्जन बनाया है। उन्होंने इसे अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।
अब ये गजल वर्जन पूरी तरह से वायरल हो गया है। लोग इसे काफी संख्या में शेयर कर रहे हैं। इसके अलावा लोग इस वर्जन की तारीफें भी कर रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि ये वर्जन ओरिजिनल से बेहतर है। एक यूजर ने लिखा- ‘ये ओरिजिनल वर्जन से काफी बेहतर है।’ वीडियो देखने के लिए ऊपर लगी फोटो पर क्लिक करें..
वहीं एक ने लिखा- ‘इसमें जगजीत सिंह जैसी वाइब्स आ रही है।’
वहीं एक यूजर ने लिखा- ‘क्या इससे ज्यादा सुकून देने वाली कोई बात हो सकती है?’
रिलीज के बाद से विवादों में है ‘बेशरम रंग’
बेशरम रंग पठान का पहला गाना था जिसे रिलीज किया गया था, लेकिन रिलीज के बाद से ही ये गाना विवादों में फंस गया। दरअसल गाने में दीपिका पादुकोण ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी है। ऐसे में कई हिंदू संगठनों ने दीपिका के ड्रेस को लेकर आपत्ति जताई है। विरोध करने वालों का कहना है कि भगवा रंग हिंदू धर्म का प्रतीक है और दीपिका इस रंग के कपड़े पहन कर बेशरम रंग के बोल वाले गाने पर डांस कर रही हैं जो कि काफी आपत्तिजनक है।
उनका मानना है कि भगवा जैसे पवित्र रंग का प्रयोग बिकिनी के लिए करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि अगर गानें में बदलाव नहीं किया गया तो वो फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। कई राज्यों में फिल्म के रिलीज को रोकने की भी बात की जा रही है।
10 जनवरी को लॉन्च होगा पठान का ट्रेलर
पठान का मच अवेटेड ट्रेलर 10 जनवरी को लॉन्च होगा। इसके अलावा शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर ये फिल्म बड़े पर्दे पर 25 जनवरी को रिलीज होगी। शाहरुख और दीपिका के अलावा फिल्म में जॉन अब्राहम भी हैं। ये एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है जिसे सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है।
चार साल बाद पठान से कमबैक कर रहे हैं शाहरुख
शाहरुख खान पठान के साथ सिल्वर स्क्रीन पर बतौर लीड चार साल बाद वापसी कर रहे हैं। वो अंतिम बार 2018 में आई फिल्म जीरो में नजर आए थे। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। इन चार सालों में उन्होंने ब्रह्मास्त्र, लाल सिंह चड्ढा और रॉकेट्री जैसी फिल्मों में कैमियो किया था।