शुक्रवार, 6 जनवरी को पौष मास की पूर्णिमा है। इस दिन पौष माह खत्म होगा और 7 जनवरी से माघ मास शुरू हो जाएगा। पूर्णिमा को भी पर्व माना जाता है। इस तिथि से जुड़ी कई परंपराएं हैं, जिनका पालन करने पर धर्म लाभ के साथ ही स्वास्थ्य लाभ भी मिलता है। धर्म-कर्म से नकारात्मक विचार खत्म होते हैं और मन शांत होता है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा से जानिए पूर्णिमा से जुड़ी कुछ ऐसे परंपराएं, जो पुराने समय से प्रचलित हैं…
पूर्णिमा पर करें तीर्थ दर्शन और नदी स्नान
इस पर्व पर तीर्थ दर्शन और नदी स्नान करने की परंपरा का पालन काफी अधिक लोग करते हैं। इसीलिए गंगा, यमुना, शिप्रा, नर्मदा, अलकनंदा सहित देश की सभी पवित्र नदियों में स्नान के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। इसके साथ ही पौराणिक महत्व वाले मंदिरों में दर्शन करना चाहिए। पौराणिक मंदिर जैसे 12 ज्योतिर्लिंग, 51 शक्तिपीठ, चार धाम आदि।
जरूरतमंद लोगों को करें जरूरी चीजों का दान
अभी ठंड का समय है। इन दिनों में ऊनी वस्त्रों का दान करना चाहिए। जरूरतमंद लोगों को अनाज, जूते-चप्पल, कपड़े और धन का दान करें। अगर संभव हो तो किसी व्यक्ति को घर में बैठाकर भोजन कराएं या घर के बाहर भोजन का दान करें।
भगवान सत्यनारायण की कथा पढ़ें और सुनें
पूर्णिमा पर सत्यनारायण भगवान की कथा पढ़ने और सुनने की परंपरा काफी अधिक प्रचलित है। सत्यनारायण विष्णु जी का ही एक स्वरूप है। स्कंद पुराण के रेवाखंड में इनकी कथा है। कथा पांच अध्यायों में है, 170 श्लोक हैं और दो विषय हैं। एक विषय है संकल्प न भूलना और दूसरा है प्रसाद का अपमान न करना। सत्यनारायण कथा में बताया गया है कि हमेशा सच बोलें और भगवान के प्रसाद का अनादर न करें। कथा की इन बातों को अपने जीवन में उतारने की कोशिश करनी चाहिए।
भगवान विष्णु और महालक्ष्मी का करें अभिषेक
पूर्णिमा तिथि पर विष्णु जी और महालक्ष्मी का अभिषेक खासतौर पर करना चाहिए। अभिषेक दक्षिणावर्ती शंख से करेंगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा। अभिषेक के बाद भगवान को नए वस्त्र पहनाएं, फूलों से श्रृंगार करें। धूप-दीप जलाएं। ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जप करें। मिठाई का भोग लगाएं। आरती करें।
हनुमान जी के सामने दीपक जलाकर करें हनुमान चालीसा का पाठ
पूर्णिमा की शाम चंद्र उदय के बाद हनुमान जी की पूजा करें। दीपक जलाकर हनुमान चालीसा का पाठ करें। आप चाहें तो ऊँ रामदूताय नम: मंत्र का जप कर सकते हैं। मंत्र जप कम से कम 108 बार करें।