दुनिया की पहली उड़ने वाली मोटरसाइकिल की बुकिंग शुरू हो चुकी है। ये मोटरसाइकिल 30 मिनट तक 96 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकती है। इस उड़ने वाली बाइक का नाम ‘स्पीडर’ रखा गया है। इसकी शुरुआती कीमत 3.15 करोड़ रुपए रखी गई है।
272 किलो वजन ले जाने में सक्षम
136 किलो वजन वाली बाइक 272 किलो वजन ले जाने में सक्षम होगी। इस बाइक की एक खासियत ये भी है कि यह खुद से उड़ान भर सकती है और इसे रिमोट से भी कंट्रोल किया जा सकता है। इसे अमेरिका की जेटपैक एविएशन कंपनी ने बनाया है।
यह एक यूटिलिटी व्हीकल
कंपनी के अनुसार उड़ने वाली बाइक से एक बार में 644 किलोमीटर तक उड़ान भरी जा सकती है। यह असल में एक एयर यूटिलिटी व्हीकल है। यानी इसका उपयोग कई तरीकों से किया जा सकता है। इसे जंगल के ऊपर, पहाड़ पर, समुद्र या नदियों के ऊपर भी उड़ाया जा सकता है।
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन का सर्टिफिकेशन मिलने की उम्मीद
जेटपैक एविएशन दुनिया की पहली उड़ने वाली मोटरसाइकिल का फ्लाइट टेस्ट कर रही है। इसे अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन का सर्टिफिकेशन मिलने की उम्मीद है। 2-3 सालों में कंपनी की 8 जेट इंजन वाली स्पीडर फ्लाइंग बाइक बाजार में आ सकती है।
जापान ने भी बनाई फ्लाइंग बाइक
बीते साल जापान की स्टार्टअप कंपनी AERWINS टेक्नोलॉजी ने अमेरिका के डेट्रॉइट ऑटो शो में फ्लाइंग बाइक ‘Xटूरिज्मो’ का प्रदर्शन किया था। करीब 100 किमी प्रति घंटे तक की टॉप स्पीड वाली बाइक पेट्रोल पर चलती है। बाइक का अभी बड़े लेवल पर प्रोडक्शन शुरू नहीं हुआ। इस बाइक को एक बार में करीब 30 से 40 मिनट तक हवा में उड़ा सकेंगे। 300 किलो की बाइक उड़ने के दौरान करीब 100 किग्रा का वजन सह पाएगी।