दिल्ली के कंझावला हिट एंड रन केस में मंगलवार को ऑटोप्सी रिपोर्ट सामने आ गई है। एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से कहा कि प्रारंभिक मेडिकल जांच में पीड़िता के प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान या घाव नहीं मिले हैं। डॉक्टर्स की टीम थोड़ी देर में रिपोर्ट देगी। उधर, दैनिक भास्कर ने डीसीपी हरेंद्र सिंह से इस बारे में बात की तो उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कयास हैं। अभी इंतजार कीजिए।
इससे पहले पुलिस ने खुलासा किया कि स्कूटी पर पीड़िता के साथ उसकी सहेली भी थी। टक्कर के बाद मृतका कार में फंस गई और उसे 12 किमी तक घसीटा गया। पहले 4 किमी घसीटने की बात सामने आ रही थी। स्कूटी में जो दूसरी लड़की थी, वह हादसे के बाद मौके से भाग गई। उसे भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस आज उसका बयान दर्ज करेगी।
दिल्ली के सीपी, सागर प्रीत हुड्डा ने मंगलवार सुबह एक मिनट 3 सेकेंड की प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कुछ ज्यादा जानकारी नहीं दी।
होटल के CCTV फुटेज से खुलासा
पुलिस ने यह खुलासा रोहिणी इलाके के एक होटल के सामने के CCTV फुटेज के आधार पर किया। इसमें मृतका अपनी सहेली के साथ बातचीत करते हुए दिख रही है। इसके बाद दोनों स्कूटी पर बैठकर निकल जाती हैं। इस बीच, उस होटल के कर्मचारी ने बताया कि पीड़िता के साथ उसकी सहेली आई थी। दोनों ने डाक्यूमेंट देकर एक रूम बुक किया था। कुछ लड़के भी आए थे, उन्होंने अलग से रूम बुक किया। इसके बाद लड़कियों के रूम गए और वहां करीब 5 मिनट तक रहे।
होटल कर्मचारी ने बताया कि रूम से लड़ने की आवाज आ रही थी और एक-दूसरे को गाली दे रहे थे। हमारे मैनजेर ने सभी को झगड़ा न करने के लिए कहा। इसके बाद दोनों लड़कियां लड़ते हुए निकल गईं। वह होटल के बाहर भी काफी देर तक लड़ती रहीं, जोकि CCTV में रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस को कल शाम फुटेज दे दिया गया है।
मृतका का अंतिम संस्कार आज हो सकता है, पहले पूरी घटना को जानिए…
यह घटना कंझावला इलाके में 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे की है। कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। लड़की कार के नीचे फंसी रही। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे पता चल सके कि उन्होंने नशा किया था या नहीं। मृतका का मंगलवार को अंतिम संस्कार हो सकता है।
घटना सुल्तानपुर से कंझावला इलाके की है जिसके CCTV फुटेज सामने आए हैं।
अब तक के बड़े अपडेट्स …
सभी आरोपी पुलिस की रिमांड पर
कोर्ट ने सोमवार को पांचों आरोपियों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट के दौरान दीपक खन्ना कार ड्राइव कर रहा था। इनमें मनोज मित्तल भाजपा का नेता बताया जा रहा है।
कंझावला हिट एंड रन केस में कोर्ट ने पांचों आरोपियों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपियों को लाकर क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी पुलिस
दिल्ली पुलिस के स्पेशल CP डॉ. सागर पी हुड्डा ने बताया कि मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की कई टीमों को भी जांच में लगाया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड की मंजूरी दे दी है। आगे अब पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
CCTV फुटेज और डिजिटल एविडेंस के आधार पर टाइमलाइन बनाई जाएगी। इसके लिए आरोपियों को क्राइम स्पॉट पर लाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ और धाराएं जोड़ी जाएंगीं। शाम को युवती की डेड बॉडी मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां करीब डेढ़ घंटे उसका पोस्टमॉर्टम हुआ।
पांचों आरोपी इसी कार में सवार थे। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
कार में फंसने के बाद युवती की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस पर भी सवाल, रेप और मर्डर की जांच रिपोर्ट आने के बाद
मामले में दिल्ली पुलिस की थ्योरी भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस का कहना है कि ये जानलेवा एक्सीडेंट है, लेकिन परिवार वाले इसे मर्डर कह रहे हैं। पीड़ित की मां का कहना है कि वह बहुत सारे कपड़े पहने थी, लेकिन जब उसकी बॉडी मिली तो वह पूरी तरह नेकेड थी। एक भी कपड़ा नहीं था। ये कैसा एक्सीडेंट है?
इधर, दिल्ली पुलिस की PRO सुमन अल्वा ने बताया कि कुछ चैनल इस केस में रेप और मर्डर की धाराओं को FIR में शामिल होने की खबर चला रहे हैं। यह गलत है। पीड़ित परिवार की भी मांग है कि इन धाराओं को भी जांच में शामिल किया जाए। अभी मेडिकल बोर्ड बॉडी की अटॉप्सी करेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही इन मांगों पर कार्रवाई की जाएगी।
कंझावला केस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए …
1. कंझावला केस का गवाह बोला, कार के नीचे लड़की देख, मेरी जान निकल गई
‘मैं जॉमेटो डिलीवरी बॉय हूं। 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे होंगे, मैं कंजावला वाले रोड से आ रहा था, मुझे अग्रसेन वाली रोड की तरफ फूड डिलीवरी करनी थी। अचानक पुलिस चौकी देखते ही एक कार तेजी से वापस मुड़ गई। मेरी बाइक उस कार से टकराते-टकराते बची। मुझे कार के नीचे लड़की का सिर नजर आया, उसकी पूरी बॉडी कार के नीचे घिसट रही थी। मेरी तो जान ही निकल गई। पुलिस से बताया तो वो बोले- ‘जा तू अपना काम कर।
2. युवती को कार से घसीटने वालों को कितनी सजा मिलेगी
नए साल पर जब सभी लोग जश्न मना रहे थे, तभी दिल्ली में स्कूटी से जा रही 20 साल की लड़की को कार सवार टक्कर मार देते हैं। टक्कर से लड़की कार के नीचे फंस गई और करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। इससे लड़की की पीठ और सिर की हड्डियां घिस गईं। मांस निकल आया। दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं। बेहद दर्दनाक तरीके से उसकी मौत हुई। जब लाश मिली तो शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था।