फिलीपींस में तूफान पैंग (नाल्गे) कहर बरसा रहा है। इसके चलते यहां भारी बारिश हो रही है। कई राज्यों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। भारी बारिश की वजह से बाढ़ भी आ गई है। एबीसी न्यूज के मुताबिक, 27 अक्टूबर से अब तक 105 लोगों की मौत हो गई है। 10 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
मैगुइन्डानाओ और बंगसामोरो प्रांत बाढ़ और भूस्खलन से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा 53 मौतें इन्हें इलाकों में हुई हैं। डिजास्टर रिस्पोंस एजेंसी के मुताबिक, 69 लोग घायल हुए हैं और 63 लापता हैं।
फिलीपींस के कैविटे प्रांत के इमस में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया। इस दौरान एक व्यक्ति अपनी व्हीलचेयर पर बैठकर यहां से गुजरता दिखा।
तूफान से मिमारोपा, बिकोल, पश्चिमी विसायस, जाम्बोआंगा, दक्षिण कोटाबाटो, सुल्तान कुदरत, सारंगनी इलाके प्रभावित हुए हैं।
राहत और बचाव दल लोगों तक राहत पहुंचाने में लगे हुए हैं। मलबे में दबे लोगों भी को बाहर निकाला जा रहा है।
रेस्क्यू टीम के अधिकारियों ने बताया कि करीब 9 लाख लोगों को इवेक्यूएट करते सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है।
भारी बारिश और बाढ़ से घरों में पानी भर गया। लगुना प्रांत के सांता रोजा में एक व्यक्ति को घर से पानी निकालते देखा गया।
बाढ़ आने और भूस्खलन होने से 4 हजार से ज्यादा घर तबाह हो गए। कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी रोक दी गई।
एक अधिकारी ने बताया कि 40 हजार से ज्यादा कृषिभूमि को नुकसान पहुंचा। इससे देश में खाद्य संकट पैदा होना का खतरा बढ़ गया है।
तूफान के चलते 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली और बारिश हुई। करीब 200 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसल कर दी गईं।
राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने तूफान के चलते हुए नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने कहा- हम इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए इंतजाम पुख्ता करेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 दिन में तूफान काफी तबाही मचा चुका है। अब ये कमजोर पड़ रहा है और चीन की तरफ बढ़ रहा है।
फिलीपींस हर साल आते हैं करीब 20 तूफान
फिलीपींस हर साल 20 भयंकर तूफानों का सामना करता है। पिछले साल दिसंबर में फिलीपींस में राय तूफान आया था। जिसमें करीब 208 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 4 लाख लोग प्रभावित हुए थे। वहीं, अप्रैल 2022 में यहां मेगी तूफान ने तबाही मचाई। इससे 42 लोगों की मौत हो गई और 17 हजार लोग बेघर हो गए थे।