हरियाणा पंचायत चुनाव के पहले चरण में मतदान जारी है। 9 जिलों के 61 ब्लॉक में 1,453 सीटों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। सुबह 11 बजे तक 19% वोटिंग हुई है। पहले चरण के कुल 49,64,259 में से 9,35,201 मतदाता वोट कर चुके हैं। नूंह और पंचकूला में सबसे ज्यादा और भिवानी व झज्जर में सबसे कम मतदान हुआ है।
मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इनमें 1,278 पंचायत समिति सदस्य व 1,75 जिला परिषद सदस्य के लिए मतदान हो रहा है। इसके लिए 9 जिलों में 6,019 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 49 लाख 67 हजार 92 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
यमुनानगर में चुनाव ड्यूटी पर तैनात टीचर की अचानक मौत
वहीं, रात में यमुनानगर के एरिया थाना छप्पर के गांव फतेहपुर स्कूल में मास्टर अशोक कुमार की मौत हो गई। उनकी वोटिंग में ड्यूटी लगी थी। सेक्टर 17 जगाधरी के भैड़थल स्कूल में टीचर अशोक की चुनाव ड्यूटी गांव फतेहपुर थाना छप्पर के स्कूल में लगी हुई थी । वह रात को खाना खाकर सोए। आज सुबह 5.30 बजे साथियों ने उन्हें जगाया लेकिन वह मृत अवस्था में पड़े मिले।
मतदान केंद्र में वोट डालता युवक।
किस जिले में कितना मतदान हो चुका-
जिला | कितने वोट डाले जा चुके | वोटिंग प्रतिशत | कुल वोट |
जींद | 141348 | 757425 | 24.4 |
पानीपत | 91179 | 457849 | 23.7 |
झज्जर | 96529 | 580498 | 19.6 |
कैथल | 113492 | 620451 | 24.0 |
महेंद्रगढ़ | 94707 | 593448 | 18.3 |
पंचकूला | 27040 | 127845 | 29.1 |
भिवानी | 93347 | 659450 | 18.0 |
नूंह | 150209 | 651507 | 28.6 |
यमुनानगर | 95886 | 515772 | 23.3 |
भिवानी में सुबह 10.05 बजे तक सबसे कम मतदान दर्ज हुआ है। यहां अन्य जिलों के मुकाबले 7.5 फीसदी मतदान हुआ। सबसे ज्यादा पंचकूला में 12.7 फीसदी मतदान हुआ है। अन्य जिलों में पानीपत में 12.1 फीसदी, जींद में 11.7, नूंह में 11.5, कैथल में 11.1, यमुनानगर में 11.0, झज्जर में 9.1, महेंद्रगढ़ में 8.7 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया है।
मतदान के लिए तैनात की गई पुलिस
इन जिलों में हो रहा मतदान
पहले चरण में शामिल 9 जिलों में भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर के 61 ब्लॉक को शामिल किया गया है। सभी 22 जिलों में पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद 27 नवंबर को इनके मतों की गणना करके सभी नतीजे एक साथ घोषित किए जाएंगे।
पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद समिति सदस्यों के मतदान के लिए पहली बार बैलेट पेपर की जगह EVM का इस्तेमाल हो रहा है। मतदान के बाद इन EVM को पुलिस सुरक्षा में रखा जाएगा। मतगणना तीनों चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद होगी।
वोटरों को ये मिलेगी सुविधा
राज्य चुनाव आयोग की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी पोलिंग बूथ पर पीने के पानी, बिजली तथा आवश्यकता पड़ने पर विकलांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था करवाई गई है।
पंचायत चुनाव 3 चरण में हो रहे हैं। हर चरण में जिला परिषद व पंचायत समिति मेंबर और पंच-सरपंच के चुनाव में 2 दिन का अंतर है। इसलिए मतदाताओं की 2 अंगुलियों पर स्याही लगेगी।
म्हारी पंचायत पोर्टल पर सब दिखेगा
इस बार के पंचायत चुनाव की गतिविधियां म्हारी पंचायत पोर्टल पर देखी जा सकेंगी। प्रदेश में कहीं भी इंटरनेट के माध्यम से म्हारी पंचायत पोर्टल को खोलकर मतदान प्रतिशत को देखा जा सकेगा। वहीं मतगणना के दिन ई-डैशबोर्ड पर नतीजों को देखा जा सकेगा। चुनावों के रुझान, मतदान प्रतिशत व अंतिम नतीजों को कोई भी घर बैठे पोर्टल पर देख सकता है।