हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शराब पीने से रोका तो बदमाशों ने ढाबा पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं, बदमाशों ने ढाबा संचालक व उसके भाई पर भी डंडों से हमला किया है, जिनका कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में इलाज कराया गया है। थानेसर पुलिस ने 5-6 बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात शराब पीने आए थे बदमाश
दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे स्थित साईं नालागढ़ वैष्णो (रामगढ़) ढाबा संचालक अशोक साहनी ने बताया कि वह अपने भाई ललन के साथ शनिवार रात साढ़े 11 बजे अपने ढाबे पर बैठे थे। इसी बीच बाइक सवार 3 युवक आए और कहने लगे कि हमें शराब पीनी है। उन्होंने शराब पीने से मना किया तो बदमाश जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
डंडे से लैस होकर आए 5-6 बदमाश
अशोक साहनी ने बताया कि थोड़ी देर बाद डंडे लेकर 5-6 बदमाश आए और आते उन पर हमला बोल दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने उसके ढाबा पर भी तोड़फोड़ की। ढाबा पर भीड़ एकत्रित होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
पीछा करके 2 हमलावरों को दबोचा
हमले की सूचना मिलने के बाद ढाबा मालिक जोगिंद्र सिंह भी ढाबे पर पहुंचे और तुरंत हमलावरों का पीछा किया। उन्होंने कोल्हापुर के नजदीक से 2 हमलावरों को काबू किया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 148,149,323,452 व 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।