हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में बुधवार की दोपहर एक कंपनी में मीथेन गैस का रिसाव होने से 4 श्रमिकों की मौत हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ, जब कर्मचारी कंपनी के वेस्ट टैंक की सफाई करने में जुटे थे। हादसे का शिकार हुए 2 अन्य श्रमिकों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलते ही DC और SP घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ के गांव रोहद स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में दिल्ली के पटेल नगर निवासी हितेश नामक शख्स ने एयरोफ्लेस सीलिंग मटीरियल मेन्युफेक्चरिंग नाम से कंपनी खोली हुई है। कंपनी में इंजन की गैस किट बनाई जाती है। कंपनी में ही सफाई के लिए कई वेस्ट टैंक बनाए गए हैं। बुधवार की दोपहर कुछ कर्मचारी वेस्ट टैंक की सफाई में जुटे थे। इसी दौरान गैस लीक हो गई और उसकी चपेट में 6 कर्मचारी आ गए।
अस्पताल में भर्ती कर्मचारी।
जैसे ही गैस लीक हुई कर्मचारी अचेत होकर गिरने लगे। आनन-फानन में कर्मचारियों को बहादुरगढ़ के ही जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक 4 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। दो की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मरने वालों में UP के तिहार निवासी राजबीर, नवाबगंज के मदिरापुर निवासी अजय कुमार, शाहजहांपुर जिला निवासी जगतपाल व बाराबंकी निवासी प्रकाश शामिल हैं। UP के ही मयंक और विकास की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है।
हादसे के बाद कंपनी में जायजा लेते झज्जर के डीसी और एसपी।
सूचना के बाद झज्जर के डीसी शक्ति सिंह और एसपी वसीम अकरम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल इंडस्ट्रियल सेफ्टी अधिकारियों ने श्रमिकों की मौत का कारण मिथेन गैस बताया है। फैक्ट्री के वेस्ट टेंक की सफाई पिछले लंबे समय से नहीं हुई थी। गंदगी काफी समय से जमा होने के कारण वहां पर मिथेन गैस बन गई थी। इसी गैस की चपेट में श्रमिक है और उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के लिए प्रशसनिक स्तर पर भी एक टीम बनाई गई है। जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।