हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कस्बा कोसली में एक महिला की लाश नहर से बरामद हुई है। महिला 2 दिन पहले घर से लापता हुई थी। सूचना के बाद नाहड़ चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
दरअसल, कस्बा कोसली के गांव नाहड़ निवासी महिला सोनू दो दिन पहले घर से लापता हुई थी। सोनू अपने पति के साथ ही मजदूरी करती थी। उसकी 3 लड़कियां और एक लड़का है। महिला के लापता होने के बाद से ग्रामीण भी उसे तलाश रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
रविवार को ही परिजनों ने उसके लापता होने की रपट नाहड़ चौकी में दर्ज कराई थी। सोमवार की दोपहर कोसली के गांव बिसोहा में स्थित महेन्द्रगढ़ नहर पंप हाउस-2 के पास चप्पल पड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने नहरी विभाग के अधिकारियों से बात करके पानी को बंद कराया तो महिला की लाश नहर से बरामद हो गई।
ग्रामीणों की मानें तो महिला कुछ समय से बीमार थी। अंदेशा है कि इसी के चलते उसने आत्महत्या की। सूचना के बाद मौके पर पहुंची नाहड़ चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी स्थित नागरिक अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि महिला ने आखिर यह कदम क्यों उठाया।