सुशांत सिंह राजपूत केस में NCB ने चार्जशीट दाखिल की, इसमें रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक समेत 33 लोगों को आरोपी बनया है। इसमें NCB ने दावा किया कि रिया ही सुशांत को गांजा और ड्रग्स दिया करती थीं। अब हाल ही में सुशांत की बहन ने अपने एक बयान में दावा किया कि भाई ने सुसाइड नही किया था, बल्कि उनका मर्डर हुआ था। साथ ही उन्होंने कहा कि रिया चक्रवर्ती ने मेरे भाई की लाइफ बर्बाद कर दी थी। इसके बाद रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है।
आप खुद के लिए काफी हो- रिया
रिया ने अपने पोस्ट में लिखा- शोर से ऊपर उठो, अपने घमंड से ऊपर उठो। इतना ऊपर कि सिर्फ आपकी तरफ उंगली उठाएं, क्योंकि आप वहां हो जहां वो कभी नहीं पहुंच सकते हैं। आप शांत हैं और आप प्यार से उड़ते हैं। उन्हें आश्चर्य में रहने दो, आप खुद के लिए काफी हैं और कंप्लीट हैं। आप जैसे हैं वैसे ही प्यारे हैं, उन्हें आपको कुछ मत कहने दो।
हाईप्रोफाइल लोगों और बॉलीवुड के लिए ड्रग्स फाइनेंसिंग की-NCB
NCB ने कहा कि सभी आरोपियों ने मार्च 2020 और दिसंबर 2020 के बीच एक साजिश रची, जिसमें वह हाई सोसाइटी और बॉलीवुड में ड्रग्स का इस्तेमाल कर सकें और उसे बेच सकें। आरोपियों ने मुंबई रीजन में ड्रग्स तस्करी को फाइनेंस किया और गांजा, चरस, कोकीन और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन किया। उनके पास न तो कोई वैलिड परमिट था और न ही किसी प्रकार का कोई लाइसेंस।
सभी पर NDPS एक्ट 1985 के सेक्शन 8[c], 20[b][ii]A, 27A, 28, 29 और 30 के तहत केस दर्ज किया है। NCB ने NDPS एक्ट के तहत जो धाराएं लगाईं हैं, इसमें अवैध ट्रैफिकिंग और अपराधियों को शरण देना, अपराध का प्रयास करना और आपराधिक साजिश को उकसाना शामिल है।
क्या कहा था सुशांत की बहन प्रियंका ने
प्रियंका कहती हैं कि रिया चक्रवर्ती ने उनके भाई की लाइफ बर्बाद कर दी थी। इस बारे में बात करते हुए वो आगे कहती हैं, ‘साल 2019 में जब से रिया चक्रवर्ती मेरे भाई सुशांत की लाइफ में आई, तभी से उनकी लाइफ बर्बाद होने लगी। इसे लेकर पहली बार मेरे और मेरे भाई के बीच अनबन हुई थी। छह दिन के अंदर यह सब घट गया। जो लोग इस टॉपिक पर बात नहीं करते और रिया को बचा रहे हैं, उन्होंने ही सुशांत को खत्म करने के लिए रिया को भेजा था।’
14 जून 2020 को हुआ था सुशांत का निधन
2 साल पहले 14 जून 2020 को सुशांत सिंह का 34 साल की उम्र में निधन हो गया था। वे मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। देश की तीन बड़ी एजेंसी CBI, NCB और ED सुशांत डेथ केस में इन्वॉल्व्ड हैं, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि एक्टर की मौत कैसे हुई थी।
सुशांत के निधन के बाद से ही रिया मुसीबत में फंसी हुई हैं। सुशांत की डेथ के कुछ दिन बाद से ही से ही केस में NCB ड्रग्स एंगल से जांच शुरू की थी और रिया को सितंबर 2020 को गिरफ्तार भी किया गया था। लगभग एक महीने जेल में रहने के बाद रिया को बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिली थी।