उतर भारत में तीन पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद हरियाणा में बुधवार रात से ही मौसम बदला हुआ है। सोनीपत और आसपास के क्षेत्र में जहां रात को 12 बजे हल्की बरसात दर्ज हुई, वहीं सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। पानीपत और आसपास के क्षेत्र में धूल भरी तेज हवा चल रही है।
कैथल, अंबाला, यमुनानगर में दिन के वक्त कहीं कहीं तूफान और बरसात का अलर्ट भी है। अंबाला क्षेत्र में सुबह हलकी बरसात हुई है। अधिकतम तापमान में गिरावट आई है और प्रदेश के अधिकतर इलाकों में लोगों को गर्मी-लू से कुछ राहत मिली है। कई जिलों में तेज धूप खिली है और गर्मी भी बरकरार है। हिसार को छोड़ कर लगभग सभी जिलों में तापमान 38 डिग्री से नीचे है।
अभी ये है तापमान का हाल
आषाढ़ का महीना शुरू होने के साथ ही मौसम में बदलाव दिख रहा है। अंबाला में बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री दर्ज हुआ था, गुरुवार को जबरदस्त गिरावट के बाद 11 बजे अधिकतम पारा 22.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। फतेहाबाद में कल का तापमान 43.9 था, जो कि गुरुवार को गिर कर 36.4 पर आ गया। हिसार के AMFU सेंटर में गुरुवार को 11 बजे तापमान40 डिग्री रहा, जबकि 24 घंटे पहले यहां पारा 44.8 डिग्री रहा था। अन्य जिलों के तापमान पर भी गौर करें तो गर्मी से काफी हद तक लोगों को राहत पहुंची है।
बता दें कि इस बार हरियाणा के लोग जबरदस्त गर्मी और झुलसा देने वाली लू का सामना कर रहे हैं। मार्च के आगमन के साथ ही पारा चढ़ने का जो क्रम शुरू हुआ था, वहीं अभी भी बरकरार है। मार्च, अप्रैल, मई और जून का पहला पखवाड़ा औसत से गर्म रहा और कई इलाकों में लगातार लू चली तो कई इलाकों में रह रहकर लू की स्थितियां बनी रही। प्रदेश के कई जिलों में रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया।
रोहतक में तेज धूप से लोग गर्मी से बेहाल हैं।
प्री-मानसून के मुहाने पर हम
लाइव वैदर ऑफ इंडिया के नवदीप सिंह के अनुसार प्रदेश में अब प्री मॉनसून वर्षा का आगाज़ होने को है और शुरुआती तौर पर अगले दो दिन तक हरियाणा, दिल्ली एनसीआर में व्यापक तौर पर मध्यम से तीव्र बारिश या बादलों की गरज दर्ज की जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ जो पिछले तीन माह से नदारद थे, उनकी एक कड़ी ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
प्रदेश में हवा की दिशा दक्षिण की तरफ हो गई है। इसके कारण तापमान कम होने के साथ शुष्क गर्मी से राहत पहुंची है और वातावरण में नमी बढ़ने लगी है। अब पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी मैदानों में दक्षिणी हवाओं के कारण बढ़ी आद्रता के चलते गुरुवार से प्री मानसून की गतिविधियां जोर पकड़ेंगी।
दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
अब अगले दो दिन तक प्रदेश में मौसम बदला रहेगा। आसमान पर छाए बादल गरजते रहेंगे। बारिश से पहले तेज आंधी संभव है। कई क्षेत्रों में कम समय में भारी बारिश हो सकती है। बिजली गिरने का खतरा भी कहीं कहीं बना रहेगा। कुछ इलाकों में 100 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
सुबह-शाम के वक्त बरसात संभव
लाइव वैदर ऑफ इंडिया के अनुसार प्रदेश में मॉनसूनन आने में अभी समय लगेगा। इस कारण बदले मौसम में प्रदेश में कहीं कहीं बरसात की जो संभावना बनी है,उसका असर मुख्यतः सवेरे और शाम तथा रात के समय रहेगा। दिन की गर्मी और बढ़ी उमस के कारण तीव्र और सक्रिय बादलों का निर्माण होगा। आने वाला दौर, लम्बे समय से चले आ रहे शुष्क मौसम पर लगाम लगाएगा और लू की विदाई भी संभव है। साथ ही, बारिश का यह दौर वर्तमान विश्लेषण के अनुसार लंबा खिंच सकता है। यह प्रथम मुख्य प्री मॉनसून बारिश का दौर है। सवेरे से ही बादलों का निर्माण शुरू हो गया है।
अंबाला में सुबह बरसात
हरियाणा के अंबाला जिले में मौसम का मिजाज बदलने से जनमानस को भीषण गर्मी से राहत मिली है। अंबाला में सुबह झमाझम बारिश शुरू हुई। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद से बारिश रुकी हुई है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 19 जून तक बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट आई है।
रेवाड़ी में धूप निकली है।
रेवाड़ी में अभी गर्मी का जलवा
रेवाड़ी में गुरुवार को मौसम बिल्कुल साफ है। तापमान भी फिलहाल 37 डिग्री बना हुआ है। सुबह से ही तेज धूप खिली हुई है, जिसकी वजह से लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है। मौसम विभाग ने आज बारिश का अनुमान लगाया हुआ, लेकिन रेवाड़ी व आसपास के इलाके में अभी गर्मी बरकरार है। हालांकि दो दिन पहले शाम के वक्त जरूर मौसम चेंज हुआ था, लेकिन बुधवार को फिर से तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों के पसीने छूट गए।
फतेहाबाद में गिरा पारा
हरियाणा के फतेहाबाद में वीरवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 43 डिग्री व न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऐसे में हवा बदलने के साथ 7 डिग्री तापमान गिरा है। मौसम साफ है। यहां मौसम विभाग ने 23 जून तक जिले में बरसात होने की संभावना जताई है। इससे नरमा व अन्य फसलों को फायदा होगा।
पानीपत में तेज हवा
पानीपत में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण गुरुवार सुबह से माैसम पूरी तरह बदला नजर आ रहा है। 19 जून तक प्री-मानसून की बारिश की उम्मीद है। इस बारिश से दिन का तापमान 10 डिग्री तक गिर सकता है। रात के तापमान में भी 5 डिग्री की गिरावट आने के आसार बन गए हैं। सुबह से यहां धूल भरी तेज हवा चल रही है। आसमान पर बादल भी हैं।
रोहतक में अभी तेज धूप से गर्मी
रोहतक में सुबह से ही मौसम साफ है और धूप खिली हुई है। जिसके चलते गर्मी भी अपना असर दिखा रही है। पिछले कई दिनों से गर्मी बढ़ी हुई है और लोगों का पसीना बहा रही है। वीरवार को अधिकतम 39 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। तेज हवाओं के साथ-साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। साथ ही तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है