पंजाब में सड़क हादसे का शिकार हुए रेवाड़ी के बड़े व्यापारी किशन खरबंदा और उनकी पत्नी रेणू खरबंदा का शव सोमवार दोपहर तक रेवाड़ी पहुंचने की संभावना है। इसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार होगा। परिजन शव लेने के लिए रविवार को ही फतेहगढ़ साहिब पहुंच गए थे।
बता दें कि रेवाड़ी के मॉडल टाउन निवासी जेबी टेलर के मालिक किशन खरबंदा अपनी पत्नी रेणू खरबंदा, दिल्ली निवासी श्याम धमीजा, उनकी पत्नी नीलम धमीजा, बेटे गेलाराम धमीजा, विशेश्वर ग्रोवर व उनकी पत्नी वीना ग्रोवर के साथ पाकिस्तान स्थित दरबार करतारपुर साहिब गए थे। कार रेवाड़ी निवासी चालक हिम्मत शर्मा चला रहा था।
पाकिस्तान से लौटने के बाद सभी अमृतसर साहिब दरबार में मत्था टेकने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब स्थित सरहिद के निकट जीटी रोड पर एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में किशन खरबंदा, रेणू खरबंदा, नीलम धमीजा व विशेश्वर ग्रोवर की मौत हो गई। श्याम धमीजा, वीना ग्रोवर व चालक हिम्मत शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-32 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
व्यापारी किशन खरबंदा व उनकी पत्नी रेणू खरबंदा सहित 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत की सूचना के बाद रेवाड़ी के व्यापारियों में मातम छाया हुआ है। परिजन भी तुरंत फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना हो गए। मॉडल टाउन स्थित उनके आवास पर लोगों का तांता लगा हुआ। किशन खरबंदा पत्नी के साथ हंसी खुशी घर से गए थे। व्यापारी के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों के शव सोमवार को रेवाड़ी पहुंचने की संभावना है।