नेपाल की तारा एयरलाइंस के विमान के क्रैश होने की सोमवार सुबह पुष्टि हो गई। नेपाल आर्मी की सर्च एंड रेस्क्यू टीम को मुस्तांग के सैनोसवेयर इलाके की पहाड़ी पर इसका मलबा मिला है। विमान में 4 भारतीय और 3 क्रू मेंबर समेत 22 लोग सवार थे। 16 शव बरामद हो चुके हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने सर्च ऑपरेशन में शामिल माउंटेन गाइड नरेंद्र शाही के हवाले से कहा, एयरक्राफ्ट के कई टुकड़े हुए हैं। किसी के जिंदा बचने की उम्मीद नहीं है। एयरक्राफ्ट 43 साल पुराना था। सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल (CAAN) के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन जारी है।
एयक्राफ्ट पहाड़ी से टकराया, लेकिन आग नहीं लगी
नेपाल की इंग्लिश न्यूज वेबसाइट, myrepublica ने क्रैश साइट पर सबसे पहले पहुंचने वाले स्थानीय नागरिक इंदा सिंह दाना से बातचीत की। दाना ने कहा- प्लेन का मलबा 100 मीटर इलाके में ही बिखरा है, लेकिन यहां पहुंचना बेहद मुश्किल है। एयरक्राफ्ट के मलबा देखकर ये साफ समझ आता है कि उसमें आग नहीं लगी थी, क्योंकि जलने के निशान कहीं नहीं हैं। वो साफ तौर पर किसी पहाड़ी से टकराया था। इलाके में बर्फबारी और घना कोहरा है। यहां से शव निकालना भी फिलहाल बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। किसी के बचने की कोई उम्मीद नहीं है। चूंकि, एयरक्राफ्ट क्रैश होने के दौरान आग नहीं लगी थी, लिहाजा हादसे का शिकार हुए सभी लोगों के चेहरे पहचाने जा सकते हैं।
प्लेन में महाराष्ट्र के ठाणे के एक परिवार के चार लोग भी सवार थे। नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा है कि ठाणे के अशोक त्रिपाठी(54), उनकी पत्नी वैभवी बांदेकर-त्रिपाठी(51), बेटा धनुष त्रिपाठी(22) और बेटी ऋतिका त्रिपाठी(18) भी यात्रा कर रही थीं। सभी नेपाल के पोखरा स्थित एक मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
खराब मौसम की वजह से सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था
नेपाल आर्मी ने रविवार शाम कहा- स्थानीय लोगों ने बताया कि लाम्छी नदी के किनारे प्लेन क्रैश हुआ। यह मुस्तांग जिले के मानापती हिमाल क्षेत्र की नदी है। बीते दिन बेहद खराब मौसम के चलते सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन बंद करना पड़ा। इलाके में बर्फबारी और बारिश हो रही थी। इसलिए सोमवार सुबह तलाश शुरू की गई।
पायलट के मोबाइल से मिली लोकेशन
सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल (CAAN) के मुताबिक- प्लेन के एक कैप्टन का मोबाइल फोन चालू था। उसकी लोकेशन को जब ट्रेस किया गया तो एयरक्राफ्ट की भी लोकेशन मिल गई। हालांकि, स्पॉट पर पहुंचने की तमाम कोशिशें खराब मौसम की वजह से नाकाम हो गईं।
फ्लाइट में मौजूद लोगों और क्रू के नाम
भारतीय : अशोक कुमार त्रिपाठी, धनुष त्रिपाठी, ऋतिका त्रिपाठी और वैभवी। नेपाल में इंडियन एम्बेसी ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। ये है: 977-9851107021
बाकी यात्रियों के नाम : इंद्र बहादुर गोले, पुरुषोत्तम गोले, राजन कुमार, मिल ग्रांट, बसंत लामा, गणेश नारायण, रवीना श्रेष्ठा, रश्मी श्रेष्ठा, रोजीना श्रेष्ठा, प्रकाश सुनवार, माकर बहादुर तमांग, रम्या तमांग, सुकुम्या तमांग, तुलसादेवी तमांग और युवी विल्नर।
क्रू मेंबर्स : कैप्टन प्रभाकर घिमिरे, को-पायलट उत्सव पोखरेल और एयर होस्टेस किश्मी थापा।