31 साल के राहुल त्रिपाठी 2017 से लगातार IPL में अपने प्रदर्शन से सिलेक्टर्स का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। हर बार लगता है कि इस साल उनकी बल्लेबाजी देखकर चयनकर्ता राहुल को मौका जरूर देंगे। हर बार उम्मीद टूट जाती है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 सीरीज में दिनेश कार्तिक और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ियों ने कमबैक किया। राहुल त्रिपाठी टीम में नहीं चुने गए। हरभजन सिंह और आकाश चोपड़ा जैसे पूर्व खिलाड़ियों के अलावा फैंस इस फैसले को गलत ठहरा रहे हैं।
हरभजन और आकाश चोपड़ा को था राहुल के टीम में चुने जाने का भरोसा
दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि राहुल त्रिपाठी एक मौके का हकदार था। फिटनेस के मामले में हरभजन सिंह उन्हें विराट कोहली से भी बेहतर मानते हैं। आकाश चोपड़ा ने भी कमेंट्री करते हुए कहा कि राहुल त्रिपाठी IPL के मेरे फेवरेट अनकैप्ड प्लेयर हैं। उनको टीम इंडिया में ना चुने जाने से मैं हैरान हूं।
राहुल की बल्लेबाजी में हर तरह के शॉट नजर आते हैं। वह कई बार कह चुके हैं कि मैं टीम की हित में किसी भी नंबर पर खेलने को तैयार हूं। इस साल IPL में उनके प्रदर्शन पर नजर डालें, तो राहुल ने 158 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। सनराइजर्स के लिए वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। जो खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिए सब कुछ झोंक रहा हो, उसे मौका ना देना क्रिकेट प्रेमियों को रास नहीं आ रहा है।
टीम चयन से पहले इयान बिशप और वसीम जाफर ने भी राहुल का समर्थन किया था
इससे पहले वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर इयान बिशप ने राहुल त्रिपाठी को इंटरनेशनल क्रिकेट का हकदार बताया था। पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने भी राहुल को टीम इंडिया में जगह देने की वकालत की थी।
रवि शास्त्री ने कहा था कि टीम इंडिया में जगह बनाने के बेहद करीब हैं राहुल
रवि शास्त्री ने कहा था कि सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी भारतीय टीम से अधिक दूर नहीं हैं। वह नंबर तीन और चार पर एक बैक-अप विकल्प हो सकते हैं। राहुल इस सीजन नंबर तीन पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अगर किसी भी खिलाड़ी का फॉर्म खराब रहता है या कोई चोटिल होता है, तो नंबर तीन या नंबर चार के लिए राहुल एक शानदार विकल्प हैं। उन्हें सीधे टीम में शामिल किया जा सकता है। अगर वह सीजन दर सीजन अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, तो उन्हें उसका फल जरूर मिलना चाहिए।
टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी राहुल त्रिपाठी को टीम इंडिया में चुने जाने की उम्मीद जताई थी।
शास्त्री ने राहुल के बारे में कहा था- वे एक खतरनाक खिलाड़ी हैं और निडर होकर अपने शॉट खेलते हैं। उनकी शॉट चयन प्रक्रिया बेहतरीन है। वह गेंदबाजों को भी जल्दी पढ़ लेते हैं और फिर किसी भी लेंथ पर मनचाहा शॉट खेलते हैं। उनके पास हर गेंद के लिए प्लान ए और प्लान बी दोनों होता है।
जब तक IPL फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा, तब तक स्टेडियम नहीं गए
जब राहुल को अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद IPL ऑक्शन में टीमों ने खरीदने के लायक नहीं समझा, तो उनका दिल टूट गया। राहुल ने 2013 में भीष्म प्रतिज्ञा कर ली। कसम यह थी कि जब तक IPL में सिलेक्ट नहीं हो जाएंगे, तब तक स्टेडियम में मैच देखने नहीं जाएंगे। साल 2017 में पूरे 5 साल बाद IPL का हिस्सा बनने के बाद वे स्टेडियम मैच खेलने पहुंचे थे।
2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ डेब्यू के दौरान बल्लेबाजी करते राहुल त्रिपाठी।
राहुल के प्रदर्शन को देखते हुए राइजिंग पुणे सुपर जायंट ने उनकी बेस प्राइस 10 लाख में उन्हें खरीदा था। राहुल जब इस टीम के लिए ट्रायल देने गए थे, तो उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। कोच स्टीमन फ्लेमिंग तभी समझ गए, यह लड़का कमाल कर देगा। राहुल ने दिल्ली के खिलाफ IPL डेब्यू किया था।
राहुल टीम इंडिया से लगातार दरकिनार किए जाने पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं, इस पर निगाहें रहेंगी।