केरल और कर्नाटक से होते हुए प्री-मानसून आज उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। पाकिस्तान की ओर से बन रहे विक्षोभ के कारण आज उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में फुहारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट में जारी किया है। साथ ही तेज हवाएं चलने से गर्मी से राहत मिलने की भी उम्मीद है।
UP: अमरोहा में बिजली गिरने से 3 की मौत, मथुरा-जालौन में ओले गिरे; 7 जिलों में बारिश
यूपी में शनिवार शाम अचानक मौसम बदल गया। अमरोहा में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। 7 लोग बुरी तरह झुलस गए। उनकी हालत नाजुक है। मथुरा-जालौन में ओले गिरे। जबकि कानपुर, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, अमरोहा में बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले एक-दो दिन तक यूपी में आंधी चल सकती है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। तापमान 39 से 42 डिग्री तक रहेगा।
राजस्थान: जयपुर में झमाझम बारिश, आज 16 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
राजस्थान में एक बार फिर मौसम बदलने का दौर शुरू हो गया है। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के देर शाम जयपुर में हल्की बारिश हुई। आंधी के साथ शहर के आसमान को बादलों ने घेर लिया। इसके कुछ ही देर बाद राहत की बारिश होने लगी। इससे तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है।
नौतपा से पहले बरसे बादलों ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी है। इस बार 25 मई से नौतपा शुरू हो रहे हैं। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में अगले 24 घंटे में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
दिल्ली में 22 से 24 मई तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक- राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों तक बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 मई के बीच गर्मी से राहत मिलेगी। रविवार को बादल छाए रहेंगे और आंधी आ सकती है। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है। दिल्ली में 25 मई तक अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री तक बना रहेगा। 26 मई से एक बर फिर तापमान बढ़ना शुरू होगा।
मध्य प्रदेश: पाकिस्तान की ओर से आएगा विक्षोभ, कल से बारिश
मध्य प्रदेश के रीवा में शाम को तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली के तार टूटने से शहर से लेकर गांव तक कई जगहों पर ब्लैकआउट हो गया।
मध्य प्रदेश में 23 से 26 मई तक बारिश की उम्मीद है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. ममता यादव ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से आ रहा एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य प्रदेश से गुजरेगा। इसके साथ ही राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों के ऊपर एक द्रोणिका भी बनी हुई है।
इन दोनों एक्टिविटीज के कारण मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो रही हैं। इसके प्रभाव से 23 मई से 26 मई तक तीन-चार दिन लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, फिर दोबारा गर्मी बढ़ेगी। इस तरह अभी गर्मी और बारिश का आना-जाना चलता रहेगा। 20 जून के करीब प्रदेश में मानसून आएगा, तभी पूरी तरह गर्मी से राहत मिलेगी।
पंजाब: 3 दिन बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी की नमी से पारे में गिरावट
शनिवार को पंजाब के अधिकतर जिलों में बादल छाने से तापमान में मामूली गिरावट आई। मौसम विभाग चंडीगढ़ के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि पंजाब में अगले 24 से 48 घंटे में अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। उत्तरी पाकिस्तान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस और अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही हवाओं के कारण ऐसा होगा।
सिंह ने बताया कि 22 मई को कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बाद 23 और 24 को नॉर्थ पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से 2 से 5 डिग्री तापमान में गिरावट हो सकती है। शनिवार को सबसे गर्म मुक्तसर जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया।