यूक्रेन पर रूस का हमला दो महीने से ज्यादा समय होने के बाद भी जारी है। इस दौरान रूसी सेना की हैवानियत के कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं। अब यूक्रेन के बूचा में हुए नरसंहार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 2 रूसी सैनिक 9 यूक्रेनी नागरिकों को बंदूक से डराकर एक बिल्डिंग में ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।
बूचा शहर का यह वीडियो 4 मार्च का बताया जा रहा है, जो एक घर के CCTV में कैद हुआ है। कुछ स्थानीय लोगों ने भी अपने घरों से इस घटना का वीडियो बनाया था।
वीडियो बनाने वाले लोगों का कहना है कि रूसी सैनिक सभी यूक्रेनियों को एक बिल्डिंग में ले गए, जिसे रूसी सैनिकों ने अपना ठिकाना बना लिया था। इसके बाद गोलियां चलने की आवाज आई, कुछ देर बाद सैनिक बाहर निकल आए, लेकिन यूक्रेनी नागरिक बाहर नहीं आए। बाद में वहां से उनके शव बरामद हुए।
दावा किया जा रहा है कि ये वही 9 यूक्रेनी नागरिक हैं जिन्हें रूसी सैनिकों ने मार दिया। स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया।
रूस-यूक्रेन जंग के प्रमुख अपडेट्स…
अमेरिकी सीनेट से यूक्रेन को आर्थिक मदद की मंजूरी मिली
अमेरिकी सीनेट ने यूक्रेन के लिए करीब 3.10 लाख करोड़ रुपए के आपातकालीन सैन्य और मानवीय सहायता पैकेज को मंजूरी दे दी है। यह अमेरिकी सीनेट की ओर से करीब दो दशकों में किसी देश को दी गई सबसे बड़ी आर्थिक मदद है। अमेरिका से इस राहत पैकेज को मंजूरी बहुत ही महत्वपूर्ण समय पर मिली है।
यूक्रेन के विल्खिवका गांव में बमबारी के बाद एक स्कूल के क्लासरूम की तस्वीर।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बेटी कैटरीना को ‘जेलेंस्की’ से प्यार
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भले ही जेलेंस्की से नफरत करते हों, लेकिन उनकी बेटी कैटेरीना तिखोनोवा ‘जेलेंस्की’ से प्यार करती हैं। दरअसल, उनके बॉयफ्रेंड का नाम इगोर जेलेंस्की है। दोनों पिछले करीब 5 साल से रिलेशनशिप में हैं।