YouGov नाम की वेबसाइट ने साल 2021 के ‘मोस्ट एडमायर्ड’ की लिस्ट जारी की है। सर्वे में दुनियाभर के टॉप 20 लोगों के बारे में बताया गया है। इस लिस्ट में स्पोर्टस जगत के भी 4 लोगों को जगह दी गई है, जिनमें सबसे अनूठा नाम ‘क्रिकेट के भगवान’ के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर का है।
क्रिकेट मैदान से 8 साल पहले रिटायरमेंट ले चुके सचिन आज भी इतने लोकप्रिय हैं कि उन्हें इस लिस्ट में ओवरऑल 12वां और स्पोर्ट्स कैटेगरी में तीसरा स्थान मिला है। मौजूदा टेस्ट कप्तान विराट कोहली को ओवरऑल 18वां और स्पोर्ट्स कैटेगरी में चौथा स्थान मिला है। बता दें कि विराट कोहली इस समय सबसे ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोअर्स रखने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं और इसके बावजूद सचिन के ज्यादा लोकप्रिय माना गया है।
साल 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके सचिन तेंदुलकर का इस लिस्ट में 12वें स्थान पर रहना ये दिखाता है कि आज भी उन्हें पूरी दुनिया में फॉलो किया जाता है। सचिन भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें भारत रत्न का सम्मान मिला है। वहीं, कोहली इन दिनों वनडे टीम में कप्तानी के विवाद को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में विराट को कप्तान के पद से हटा दिया गया है।
पाकिस्तान के सबसे सफल कप्तान इमरान को राजनीतिक स्थान
इस लिस्ट में पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर इमरान खान भी शामिल हैं। पाकिस्तान के लिए वर्ल्ड कप जीतने वाले इकलौते कप्तान इमरान अपने देश के सबसे सफल क्रिकेटर्स में गिने जाते हैं, लेकिन फिलहाल वे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री हैं और उन्हें इस लिस्ट में अपनी राजनीतिक शख्सियत के कारण ही जगह मिली है। वे 17वें स्थान पर हैं।
लोकप्रिय लोगों की लिस्ट में नंबर 4 पर रोनाल्डो
मैनचेस्टर यूनाइटेड और पुर्तगाल के फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस लिस्ट में नंबर 4 पर हैं। इस लिहाज से इस लिस्ट में शामिल स्पोर्टस पर्संस में रोनाल्डो का नाम सबसे ऊपर है। अभी हाल ही में रोनाल्डो 800 गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने थे। मैनचेस्टर यूनाइटेड के स्ट्राइकर ने आर्सेनल के खिलाफ 2 गोल दागने के बाद ये उपलब्धि हासिल की थी। रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए यूरो 2020 में गोल्डन बूट भी जीता था।
7वें स्थान पर लियोनल मेसी
अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी और फुटबाल मैदान पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के सबसे बड़े कॉम्पिटिटर लियोनल मेसी इस लिस्ट में 7वें स्थान पर हैं। कुछ दिन पहले इस खिलाड़ी ने फुटबॉल जगत का सबसे बड़ा खिताब बैलोन डिओर अवार्ड रिकॉर्ड सातवीं बार जीता था।
इससे पहले मेसी ने ये अवॉर्ड 2009, 2010, 2011, 2015 और 2019 में जीता था। पिछले 10 साल में यह पहला मौका था, जब क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस अवॉर्ड की दौड़ में टॉप-3 में शामिल नहीं हुए थे।