कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का ग्रीस में भी पता चला है। नेशनल पब्लिक हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के हेड थियोक्लिस जौटिस ने एक ब्रीफिंग में कहा कि वह ग्रीस का ही रहने वाला है और दक्षिण अफ्रीका से 26 नवंबर को देश लौटा था। एयरपोर्ट पर उसका एक्सप्रेस टेस्ट किया गया था। तब उसकी रिपेार्ट निगेटिव आई थी।
अगले दिन उसमें हल्के लक्षण दिखाई दिए। इसके बाद भी एक्सप्रेस टेस्ट किए गए, लेकिन उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई। 29 नवंबर को रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके वेरिफिकेशन के लिए PCR टेस्ट किया गया। गुरुवार सुबह उसमें ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई। इसी के साथ ओमिक्रॉन के संक्रमित मिलने वाले देशों की संख्या 31 हो गई है। इन देशों में 376 मरीज मिल चुके हैं।
संपर्क में आए सभी लोग क्वारैंटाइन
जौटिस ने बताया कि मरीज को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। वह जिन लोगों के संपर्क में था, उन्हें भी क्वारैंटाइन किया गया है। सभी की टेस्ट रिपोर्ट अब तक निगेटिव है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। हालांकि इस वैरिएंट को लेकर कई सवाल भी हैं। पहला यह कि क्या यह पहले मिले डेल्टा वैरिएंट से ज्यादा संक्रामक है। हम इस बारे में कुछ नहीं जानते। दक्षिण अफ्रीका से जो डेटा मिला है, उसके मुताबिक तो यह डेल्टा से ज्यादा संक्रामक नहीं है। दूसरा कि इसका असर क्या है। हम इस बारे में भी कुछ नहीं जानते। दक्षिण अफ्रीका के डॉक्टर कह रहे हैं कि इसके लक्षण बहुत हल्के हैं। आखिरी और सबसे जरूरी सवाल कि क्या मौजूदा वैक्सीन इस वायरस से लड़ सकती हैं।