दक्षिण अफ्रीका में मिला कोरोना का नया वैरिएंट तेजी से दुनिया में फैल रहा है। दक्षिण अफ्रीका से डेनमार्क लौटे 2 यात्रियों में ओमिकॉर्न के संदिग्ध केस मिले हैं। PCR टेस्ट में इनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। हालांकि इसके ओमिकॉर्न होने की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। इन दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है। साथ ही उन सभी लोगों से संपर्क किया जा रहा है कि जो उनके साथ फ्लाइट में सवार थे।
अपडेट्स…
ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो मामले मिलने पर ब्रिटेन सख्त
ब्रिटेन में दो लोगों के सैंपल में कोरोना के दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट ओमिक्रॉन पाए जाने पर डर का माहौल है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शनिवार रात में देश में बाहर से आने वालों के लिए कोविड से जुड़े एंट्री नियम सख्त करने की घोषणा की।
जॉनसन ने कहा कि जिस पॉजिटिव व्यक्ति में आज ओमिक्रॉन के संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं, उसके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को भी 10 दिन के लिए क्वारैंटाइन कर दिया गया है। नए कोरोना वायरस वैरिएंट को फैलने से रोकने के लिए हम सख्त कदम उठाने जा रहे हैं।
पीएम जॉनसन ने कहा, विदेश से आने वाले हर यात्री का RT-PCR टेस्ट किया जाएगा। यह टेस्ट उसे देश में एंट्री का दूसरा दिन खत्म होने तक हर हाल में कराना होगा। ऐसे यात्री निगेटिव रिपोर्ट आने तक क्वारैंटाइन किए जाएंगे। साथ ही अब देश में कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाए जाने के कार्यक्रम को भी तेज किया जाएगा। जॉनसन ने कहा, सरकार फेसमास्क पहनने के नियम भी दोबारा सख्त करने जा रही है।
इजराइल ने 50 अफ्रीकी देशों की यात्रा पर रोक लगाई
इजराइल ने अपने नागरिकों पर 50 अफ्रीकी देशों की यात्रा पर रोक लगा दी है। इजरायली स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिकॉर्न के प्रसार को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इजरायल ने गुरुवार को 7 अफ्रीकी देशों को ‘रेड कंट्रीज’ की कैटेगरी में रखा था। शनिवार को इसमें 43 और देशों को शामिल कर दिया गया।
कुवैत ने 9 अफ्रीकी देशों से डायरेक्ट फ्लाइट्स को सस्पेंड किया
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए कुवैत ने 9 अफ्रीकी देशों से डायरेक्ट फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, मोजाम्बिक, लेसोथो, इस्वातिनी, जाम्बिया और मलावी शामिल हैं। इन देशों से आने वाले कुवैती नागरिकों को 7 दिन तक क्वारैंटाइन किया जाएगा। साथ ही उनका PCR टेस्ट भी होगा। कुवैत के सेंटर फॉर गवर्नमेंट कम्युनिकेशन ने इसकी जानकारी दी।
ब्रिटेन समेत इन देशों ने भी अफ्रीकी देशों से आनी वाली फ्लाइट्स पर बैन लगा
ब्रिटेन, ऑस्ट्रिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और नीदरलैंड ने अफ्रीकी देशों से आनी वाली फ्लाइट्स पर बैन लगा दिया। अब अमेरिका, सऊदी अरब, श्रीलंका, ब्राजील समेत कई देशों ने भी अफ्रीकी देशों की फ्लाइट बैन कर दी है। दक्षिण अफ्रीकी स्वास्थ्य मंत्री ने इन बैन को अनुचित बताया।
बांग्लादेश ने भी दक्षिण अफ्रीका आने-जाने पर पाबंदी लगा दी है। बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री जाहिद मलिक ने बताया कि हमनें स्क्रीनिंग बढ़ा दी है। इसके साथ ही बंदरगाहों और एयरपोर्ट पर इसका सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
नेपाल आने पर 7 दिन क्वारैंटाइन में रखने का निर्देश
नेपाल में भी दक्षिण अफ्रीका से आने वाले यात्रियों को 7 दिन क्वारैंटाइन में रखने का निर्देश जारी किया है। हेल्थ मिनिस्ट्री के प्रवक्ता कृष्ण प्रसाद पौडेल ने बताया कि नेपाल और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोई सीधी उड़ान नहीं है, लेकिन जो यात्री अन्य अफ्रीकी देशों के जरिए यहां आएंगे उन्हें एक हफ्ते के क्वारैंटाइन से गुजरना होगा।
यूरोप में भी इस वैरिएंट को लेकर सख्ती
यूरोप में भी इस वैरिएंट को लेकर सख्ती बरती जा रही है। ऑस्ट्रिया, चेक गणराज्य, जर्मनी, इटली और नीदरलैंड ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका से उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया। कुछ यूरोपीय देशों ने बोत्सवाना, इस्वातिनी (स्वाजीलैंड), लेसोथो, नामीबिया, जाम्बिया और जिम्बाब्वे से उड़ानें भी सस्पेंड कर दी हैं।
दक्षिण अफ्रीका से शुक्रवार को दो फ्लाइट्स 61 यात्री नीदरलैंड पहुंचे। इन सबकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद नीदरलैंड की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों को इस बात का डर है कि कहीं इन यात्रायों में भी ओमिक्रोन के लक्षण न मिलें।