मेरिका की गन इंडस्ट्री में इन दिनों हड़कंप मचा हुआ है। राष्ट्रपति जो बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी वाले राज्यों में सख्त कानून लागू होने से शीर्ष बंदूक निर्माताओं को अपना कामकाज समेटकर अन्य राज्यों में िशिफ्ट होना पड़ रहा है। ऐसे में तमाम बंदूक निर्माता पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पार्टी रिपब्लिकन के राज वाले राज्यों में अपना ठिकाना बना रहे हैं। ऐसे में ये इंडस्ट्री अपने साथ अरबों डॉलर का राजस्व और हजारों नौकरियां भी ले जा रही हैं। इंडस्ट्री आते देख रिपब्लिकन शासित राज्यों ने गन इंडस्ट्री को छूट भी देनी शुरू कर दी है।
दरअसल, कई डेमोक्रेटिक राज्यों ने कड़े बंदूक नियंत्रण कानून पारित किए हैं। इससे इन राज्यों में बंदूकों की बिक्री अवैध घोषित कर दी गई है। गन इंडस्ट्री के दूसरे राज्यों में जाने से यह साफ संकेत मिल रहा है कि यह लॉबी कितनी मजबूत है क्योंकि अमेरिका में बंदूकों की बिक्री ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर बनी हुई है।
अमेरिका में 2020 में 2.3 करोड़ बंदूकें बिकीं, जो 2019 के मुकाबले 70% अधिक है। विशेषज्ञों का कहना है कि 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर दोगुना हो सकता है। सबसे कड़े नियम न्यूयॉर्क सिटी और राज्य ने लागू किए हैं। नए कानून के मुताबिक, लोग अब बंदूक लेकर घर से नहीं निकल सकेंगे। कोई भी व्यक्ति खुलेआम गन लेकर नहीं घूम सकेगा। असॉल्ट राइफल्स की बिक्री पर भी पाबंदी लगा दी गई है।