भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आखिरकार इतिहास रच ही दिया। शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल बाद ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम इंडिया ने जर्मनी को 5-4 से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम को बधाई संदेश भी मिलने लगे हैं। हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह की तो खुशी के मारे आंखें छलक आईं। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी ट्वीट करके गर्व जताया।
टीम में अमृतसर के 4 खिलाड़ी
टीम में पंजाब के अमृतसर जिले के 4 खिलाड़ी गुरजंट सिंह, दिलप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह और शमशेर सिंह खेले। मैच में दो गोल करने वाले सिमरनजीत सिंह, गुरजंट सिंह के ममेरे भाई हैं। इसलिए गुरजंट के परिवार में डबल जश्न का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों के परिवारों ने पूरा मैच देखा। अब जीत की खुशी में परिवार फूला नहीं समा रहा। वहीं परिवार को बधाई संदेश भी खूब मिल रहे हैं।
कैप्टन बोले- गौरवान्वित पल
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने टीम हॉकी को जीत की बधाइयां दी हैं। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि यह बेहद गौरवान्वित करने वाला ऐतिहासिक पल है। 41 साल बाद गौरव के ये पल मिले हैं और खुशी इतनी हो रही है कि मैं बयां नहीं कर सकता। ब्रॉन्ज मेडल ही गोल्ड के बराबर है। खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया, इसके लिए पूरी टीम नूं लख-लख बधाइयां।
संदीप सिंह बोले- भावुक हो गया हूं
हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने भी भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि भावुक करने वाला पल है। मेरी आंखें छलक गईं। टीम हॉकी ने मेरा ही नहीं पूरे देश का मान बढ़ाया है। यह पूरे देश के लिए गौरव का पल है। आगे भी टीम इसी तरह का प्रदर्शन करती रहे, मेरी यही कामना है। अब पूरे देश को टीम के लौटने का इंतजार है, शानदार वेलकम होगा।
मनप्रीत सिंह बादल बोले- गौरव के पल
पंजाब के वित्तमंंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने ट्वीट करके भारतीय हॉकी टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतना गौरव के पल हैं। टीम हॉकी और पूरे देश को इस शानदार जीत के लिए बधाई। खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया और वे पदक के हकदार हैं।
सुखबीर बादल बोले- बेहद खुशी के पल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि भारतीय हॉकी टीम और पूरे देश के लिए खुशी का पल है। लोग जश्न मना रहे हैं। 41 साल बाद टीम को ओलिंपिक में पदक मिला। इसके लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई। अब टीम वतन लौटकर आए तो शानदार जश्न मनाया जाए। वेलडन टीम इंडिया।
हरिसमरत कौर बादल ने भी दी बधाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी टीम इंडिया को ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी। हरिसमरत कौर ने कहा कि टीम हॉकी ने हमारा दिल जीत लिया। पूरी दुनिया ने खिलाड़ियों का खेल देखा और गौरवान्वित महसूस किया। टीम इंडिया को शानदार प्रदर्शन और शानदार जीत के लिए बधाई।
आप सांसद भगवंत मान ने गर्व जताया
आम आदमी पार्टी के सांसद व आप पंजाब के अध्यक्ष भगवंत मान ने भी ट्वीट करके टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने ट्वीट लिखा कि टीम हॉकी ने ओलिंपिक में बेहद शानदार खेल दिया। 1972 का इतिहासा दोहराया गया और टीम उसी तरह खेली। मेडल तो आना ही था और ब्रॉन्ज मेडल ही हमारे लिए गोल्ड मेडल है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने दी बधाई
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर टीम हॉकी को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट लिखा कि पदक जीतने का 41 साल लंबा इंतजार खत्म हुआ। ये देश के लिए ऐतिहासिक पल है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर बहुत-बहुत बधाई।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा बोले- इतिहास रच दिया
हरियाणा कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर खुशी जताई। उन्होंने ट्वीट लिखा कि 41 साल का लंबा इंतजार खत्म हुआ। टीम इंडिया ने जर्मनी को हराकर हमारी झोली में पदक डालकर इतिहास रच दिया है। इसके लिए टीम और पूरे देश को ढेरों बधाइयां।