पानीपत में मानसून की बारिश तपती गर्मी से राहत दिला रही है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी सुबह से ही बूंदाबांदी जारी रही। हालांकि सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई है। मौसम विभाग ने आज दिनभर आसमान में बादल छाने और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवाओं की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचेगी।
पानीपत में सोमवार से मानसून की दूसरी बारिश शुरू हुई। मानसून की शुरूआत में पानीपत में लगातार तीन दिन जमकर बदरा बरसे थे। फिर तीन दिन गर्मी ने सताया। अब फिर सोमवार से मानसून की बारिश शुरू हुई। जिस कारण सोमवार को अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी।
सोमवार के बाद मंगलवार को भी सुबह से ही बूंदाबांदी जारी रही। हालांकि हवाओं की रफ्तार 14 से घटकर 10 किलोमीटर प्रतिघंटा रह गई। जिस कारण अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई है। हरियाणा कृषि विज्ञान मौसम विभाग ने मंगलवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाने और गरज के साथ बारिश के आसार बताए हैं।
22 तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम
हरियाणा कृषि विज्ञान मौसम विभाग ने 22 जुलाई तक गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान मध्यम से तेज बारिश की उम्मीद है। प्रदेश के कई जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अच्छी बारिश के कारण गर्मी से राहत मिलने और फसलों को फायदा होने के साथ जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी उठाना पड़ रहा है।