बिहार के पूर्व DGP को बयान पर पछतावा:अयोध्या में कथावाचन कर रहे गुप्तेश्वर पांडेय बोले- रिया चक्रवर्ती पर किए औकात वाले कमेंट पर खेद हैअपने बयानों से सुर्खियों में रहे पूर्व DGP गुप्तेश्वर पांडे फिर चर्चा में हैं। इन दिनों वे अयोध्या में कथावाचन कर रहे हैं। सुशांत सिंह राजपूत खुदकुशी मामले के दौरान भी वे काफी चर्चित हुए थे। मामले की जांच के लिए बिहार और महाराष्ट्र सरकार के बीच तनातनी के दौरान वे सुर्खियों में रहे। तब उन्होंने सुशांत की दोस्त रिया चक्रवर्ती के लिए औकात का बयान दिया था। बाद में उन्हें पता चला कि इसे अपमानजनक माना गया था, तो उन्होंने माफी मांगी थी।
हाल ही में पांडे से पूछा गया कि क्या उन्हें रिया चक्रवर्ती पर अपने उस कमेंट पर पछतावा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए औकात का अंग्रेजी में मतलब कद होता है। उनका मानना है कि इसे अपमानजनक माना गया, इसलिए उन्होंने माफी मांगकर अपने शब्दों को वापस ले लिया था।
रिया के बारे में क्या बोला था गुप्तेश्वर पांडेय ने
सुप्रीम कोर्ट ने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला सुनाया था। तब बिहार के DGP रहे गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा था कि यह न्याय की जीत है। रिया चक्रवर्ती के परिवार वालों की तरफ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कमेंट को लेकर उन्होंने कहा था कि उनकी औकात नहीं है कि नीतीश पर कुछ बोल सकें। नीतीश कुमार के सपोर्ट से ही सुशांत के परिवार वालों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
अयोध्या में कथा वाचन कर रहे
पांडेय ने पिछले साल विधानसभा चुनाव के पहले बिहार के DGP के पद से VRS ले लिया था। वे चुनाव लड़ना चाहते थे। उनकी इच्छा थी कि वे बक्सर से विधायक का चुनाव लड़ें। जदयू के सदस्य भी बन तैयारी भी कर रहे थे, लेकिन ऐन वक्त पर टिकट नहीं मिल पाया।
इसके बाद उनका राजनीति से मोह भंग होने लगा था। धीरे-धीरे ईश्वर की राह पकड़ी और अध्यात्म में रम गए। पांडेय इन दिनों अयोध्या में कथा वाचन कर रहे हैं। इस नए अवतार की खबर बाहर आई तो वह भी सामने आए।
एक्टिंग और सिंगिंग भी कर चुके
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आता है जब आप जीवन के उद्देश्य को जानना चाहते हैं, और ईश्वर को जानना चाहते हैं। मैं कोई अपवाद नहीं हूं। मेरी दिलचस्पी अब केवल ईश्वर में है और यह परिवर्तन अचानक नहीं हुआ है। हम सोचते हैं कि भौतिक उपलब्धियां हमें खुश कर देंगी, लेकिन असली खुशी भगवान में है। मैं अब केवल भगवान की सेवा करना चाहता हूं।
गुप्तेश्वर पांडे का इस तरह का यह पहला रूप नहीं है। इससे पहले वो गायक के रूप में भी दिख चुके हैं। भगवान भोलेनाथ पर इनका एल्बम भी आ चुका है और उसमें एक्टिंग भी कर चुके हैं।