हालात:पार्टी सिंबल पर पंचायत, जिला परिषद, नगर परिषद के चुनाव लड़ेगी इनेलो : अभय चौटालाइनेलो के प्रधान महासचिव एवं पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पंचायत, नगर परिषद, जिला परिषद के चुनाव इंडियन नेशनल लाेकदल सिंबल पर लड़ेगी। वह सोमवार को सिरसा रोड स्थित ताऊ देवीलाल सदन में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। अभय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसान आंदोलन को सात माह पूरे हो चुके हैं। इसके चलते लोगों में भाजपा व जजपा नेताओं के प्रति भारी नाराजगी है।
हालात ऐसे हैं कि सरकार के मंत्री, विधायक सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले सकते। इनेलो ने किसान आंदोलन में हिस्सा ले रहे किसानों का पूरा साथ दिया है और यह साथ जारी रहेगा। चौधरी ओम प्रकाश चौटाला की रिहाई के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कांग्रेस पार्टी गुटों में बंटी है। इसलिए प्रदेश की जनता इनेलो की तरफ देख रही है और इनेलो कार्यकर्ताओं को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने जान-बूझकर एक षड्यंत्र के तहत सीबीआई से मिलकर चौ. ओमप्रकाश चौटाला को जेल करवाने का काम किया था। आज कांग्रेसी नेता इस बात की झूठी सफाई देते फिर रहे हैं कि जिस समय जेबीटी भर्ती घोटाले का केस दर्ज हुआ, उस समय प्रदेश में इनेलो की सरकार हुआ करती थी। दुर्भावना को छिपाने के लिए उनसे सात प्रश्न पूछ रहे हैं। लेकिन वो कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि पहली एफआईआर में चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का नाम नहीं था। जोकि एक षड्यंत्र के तहत 2007 में मामला दर्ज करवाया गया था। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संगठन सचिव श्याम सिंह राणा, जिला प्रभारी भागीराम, प्रदेश महासचिव सुनील लाम्बा, ओमप्रकाश गोयल, जिलाध्यक्ष सतबीर सिसाय, युद्धवीर आर्य, राजेश गोदारा, राज सिंह मोर, देवीलाल सिहाग, हनुमान भादू, अजीत लितानी, मनदीप सिंह व प्रवक्ता रमेश चुघ आदि मौजूद रहे।