अभय चौटाला ने कहा:षड्यंत्र के तहत हुड्डा ने इनेलो सुप्रीमो को भिजवाया था जेलइनेलो प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लेकर कहा कि उन्हें हरियाणा के बारे में कोई जानकारी नहीं है, क्योंकि दो साल के कोरोना काल के दौरान प्रदेश की गठबंधन सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोड़े हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरियाणा सरकार की पीठ थपथपा रहे हैं, जोकि हैरत की बात है।
प्रदेश में हुए भ्रष्टाचार के मामलो की केंद्रीय एजेंसी से जांच होनी चाहिए। वे शुक्रवार काे कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान अभय ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है।
पूर्व सीएम हुड्डा ने एक षडयंत्र के तहत इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को जेल भिजवाया था और अब जब स्वयं उन्हें जेल जाने का डर सता रहा है तो वह भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। अभय ने कहा कि भाजपा सरकार को हराने के लिए तीसरा मोर्चा ही एक मात्र विकल्प है। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला जल्द ही जनता के बीच होंगे।