कोरोना से थर्राया शेयर बाजार:सेंसेक्स 1300 पॉइंट गिरा, निफ्टी भी 14600 के नीचे; बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के 64% शेयर गिरेदेश में बढ़ते कोरोना के नए मामलों से सोमवार को शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की जा रही है। सेंसेक्स 1,300 अंकों की भारी गिरावट के साथ 48,729.51 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 27 शेयरों में गिरावट है, जिसमें बजाज फाइनेंस,SBI और इंडसइंड बैंक के शेयर सबसे ज्यादा 5-5% से ज्यादा गिरे हैं। इससे पहले 26 मार्च को सेंसेक्स 49 हजार से नीचे आया था।
निफ्टी भी 337 अंक नीचे 14,529.95 पर कारोबार कर रहा है। निवेशक सबसे ज्यादा बिकवाली बैंकिंग शेयरों में कर रहे हैं। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1,331 अंक यानी 3.9% नीचे 32,526.35आ गया है। इसी तरह ऑटो इंडेक्स 2.9% और मेटल इंडेक्स 1.3% नीचे गिर गया है।
1,695 शेयर गिरावट पर कारोबार कर रहे
BSE पर 2,634 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 774 शेयर बढ़त और 1,695 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसमें 206 शेयरों में लोअर सर्किट लग गया है। एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 203.35 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो 1 अप्रैल को 207.25 लाख करोड़ रुपए था।जापान के बाजार में खरीदारी, ऑस्ट्रेलिया और चीन के शेयर बाजार रहेंगे बंद
जापान का निक्केई इंडेक्स 267 पॉइंट्स चढ़कर 30,121 पर कारोबार कर रहा है।
कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 4 अकों की मामूली गिरावट है, इंडेक्स 3,109 पर कारोबार कर रहा है।
ईस्टर के चलते ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजार सोमवार को बंद रहेंगे।
टॉम्ब स्विपिंग डे के चलते चीन और हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार बंद हैं।
अमेरिकी बाजारों में S&P 500 इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
टेक्नोलॉजी शेयरों में खरीदारी के चलते गुरुवार को S&P 500 इंडेक्स पहली बार 4 हजार के पार 4019 पॉइंट्स पर बंद हुआ था। टेक शेयरों में अमेजन, अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट शामिल रहे। इसी तरह डाओ जोंस इंडेक्स 171 पॉइंट बढ़त के साथ 33,153 पर बंद हुआ। नैस्डैक इंडेक्स 233 अंक बढ़कर 13,480 अंकों पर बंद हुआ था। इससे पहले यूरोपियन मार्केट में सपाट कारोबार देखने को मिला, जिसमें फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं। गुड फ्राइडे के चलते शुक्रवार को बाजार बंद था।
नए वित्त वर्ष की शुरुआत बढ़त के साथ हुई
शेयर बाजार में 1 अप्रैल को बढ़त के साथ बंद हुआ था। BSE सेंसेक्स 520 अंक चढ़कर 50,029.83 पर और निफ्टी भी 176 अंक ऊपर 14,867.35 पर बंद हुआ। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 149.41 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 296.84 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।
शेयर बाजार अपडेट LIVE…
10:14 AM सेंसेक्स 1,091 पॉइंट नीचे 48,938.51 पर और निफ्टी 298 अंक नीचे 14,568.55 पर आ गया है।
09:41 AM निफ्टी IT इंडेक्स 361 अंक यानी 1.4% की बढ़त के साथ 26,341 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में शामिल कोफोर्ज और इंफोसिस के शेयरों में 2-2% से ज्यादा की बढ़त है।