युवक पर हमलावरों ने की फायरिंग:पांच दोस्तों के साथ केस की सुनवाई के लिए आया था चंद्रपाल, दो बाइक पर सवार 6 युवकों ने की फायरिंगयुवक काे छूकर निकली तीन गोलियां, सिविल अस्पताल में करवाया भर्ती, छह के खिलाफ मामला दर्ज
चरखी दादरी न्यायालय में साथियों के साथ तारिख भुगतने के बाद वापस घर जा रहे शहरवासी युवक पर दो बाइकों पर सवार 6 हमलावरों ने फायरिंग कर दी। पीड़ितों ने अपनी कार को नहीं रोका तो हमलावरों का निशाना भी चुक गया। ऐसे में सिर्फ कार में आगे बैठे युवक काे तीन जगहों पर गोलियां छूकर निकल गई। घायल युवक पर पहले भी दो बार फायरिंग हो चुकी है।
फिलहाल घायल को सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर अज्ञात 6 लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहरवासी घायल चंद्रपाल फौगाट ने बताया कि उस पर धारा 307 के तहत केस दर्ज है। जिसकी गुरुवार को न्यायालय में सुनवाई थी। इसी सुनवाई के लिए अपने 5 अन्य दोस्तों के साथ दादरी न्यायालय आया था। अन्य दोस्तों की भी न्यायालय में सुनवाई थी। सुनवाई के बाद करीब दोपहर 12 बजे वह घर वापस जा रहे थे। जैसे ही मुथरी घाटी पहुंचे उन पर फायरिंग हो गई।
न कार रुकी और न ही बाइक इसलिए चूका निशाना
घायल चंद्रपाल फौगाट ने बताया कि अगर वारदात के समय उनकी कार रुक जाती तो शायद उसकी जान भी जा सकती थी। वारदात के समय बाइकर्स ने नजदीक आते ही रिवाल्वर निकाल लिए थे। जिन्हें देखकर चंद्रपाल व उसके साथियों ने कार नहीं रोकी। वहीं बाइकर्स भी नहीं रूके और चलती कार पर फायरिंग करते सीधे निकल गए। यहीं कारण रहा कि उनका निशाना चूक गया।
कार सवार 5 युवक सुरक्षित, एक को लगी तीन जगह गोलियां
वारदात के समय कार में गांव साहुवास निवासी संदीप जादूगर, साहुवास निवासी दीपक उर्फ टपलु, साहुवास निवासी रामनाथ, शहर निवासी दीपक उर्फ छतरी, शहरवासी चंद्रपाल फौगाट और कार चालक राजस्थान निवासी नवीन कुमार मौजूद थे।
फायरिंग के दौरान पांच युवक बिलकुल सुरक्षित हैं। वहीं कार में आगे परिचालक सीट पर बैठे चंद्रपाल की बाजू, दूसरे हाथ की कलाई नजदीक और एक गोली छाती के नीचे से चीरते हुए निकल गई। अगर नजदीक रूक कर फायरिंग होती तो चंद्रपाल की जान भी जा सकती थी।
खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी कैमरे
वारदात के बाद से हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने के लिए एसपी विनोद कुमार ने तीन टीमे गठित कर दी हैं। दादरी सीआईए, स्पेशल स्टाफ व सिटी थाना पुलिस शामिल की गई हैं। सभी टीमों ने अपने अपने स्तर पर जांच शुरू की हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने शहर के मुख्य चौक चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचनी शुरू कर दी हैं। सिर्फ पल्सर व अपाचे बाइकों पर नजर बनाई हुई है।
वीटी करवा नाकों पर चुस्त की फोर्स
घायल के अनुसार हमलावर पल्सर व अपाचे बाइक पर सवार थे। सभी ने कपड़ों से अपना मुंह ढंका हुआ था। ऐसे में यह अपराधी शहर से बाहर न निकल जाए। इसलिए वीट्टी करवा कर सभी पुलिस नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को चुस्त कर दिया गया है। जिन्हें पल्सर व अपाचे बाइकों सवारों से पूछताछ करने के लिए कहा गया है। अगर कोई संदिग्ध दिखाई दे तो उन्हें रोक कर तुरंत सीआईए पुलिस से संपर्क करने के आदेश जारी किए गए हैं।
कार सवारों पर फायरिंग करने के मामले में अज्ञात 5 से 6 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। वारदात के आस पास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।”