भाजपा नेता की गाड़ी में EVM:BJP कैंडिडेट की कार में लिफ्ट लेकर EVM ले जा रहे थे चुनाव अधिकारी, 4 सस्पेंड; प्रियंका बोलीं- ऐसी घटनाएं बढ़ींअसम विधानसभा चुनाव में EVM विवाद की एंट्री हो गई है। दूसरे फेज की वोटिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो हुआ। इसमें चुनाव अधिकारी कार में EVM ले जाते दिख रहे हैं और ये कार भाजपा नेता की बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने 4 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और कहा कि ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं और इलेक्शन कमीशन (EC) को इन पर निर्णायक कदम उठाना चाहिए। असम में 1 अप्रैल को दूसरे फेज की वोटिंग हुई। इस दौरान 39 सीटों के लिए 74.64% मतदान हुआ। पहले फेज में यहां 72.14% वोट पड़े थे।
प्रियंका ने भाजपा पर उठाया सवाल
प्रियंका गांधी ने कहा, “जब भी चुनाव होते हैं तो प्राइवेट गाड़ियों में EVM ले जाने के मामले सामने आते हैं। इनमें कई चीजें कॉमन होती हैं। ये गाड़ियां आमतौर पर भाजपा नेताओं या उनके सहयोगियों की होती हैं। ऐसे मामलों को इकलौती घटना बताया जाता है और भूल मानकर खारिज कर दिया जाता है। वीडियो एक्सपोज करने वालों को भाजपा वाले मीडिया का इस्तेमाल कर हारा हुआ साबित करते हैं। वास्तव में ऐसे बहुत सारी घटनाएं हो रही हैं और कोई कदम नहीं उठाया जाता। EC को कदम उठाना चाहिए। सभी राष्ट्रीय दलों को EVM के इस्तेमाल पर दोबारा विचार करना चाहिए।’EC की गाड़ी खराब हो गई थी
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाथरकांडी विधानसभा में एक EVM जब्त की गई, क्योंकि भीड़ ने उस गाड़ी को रोक लिया, जिसमें यह EVM ले जाई जा रही थी। लोगों का कहना था कि ये गाड़ी EC की नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, EC की गाड़ी खराब हो गई थी, इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने पास से गुजर रही एक कार में लिफ्ट ली। ये कार एक भाजपा कैंडिडेट की थी। इस पर हमला भी किया गया। पुलिस ने EC की गाड़ी पर हमला करने वालों पर FIR की है। EVM को कब्जे में ले लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि EVM सुरक्षित है और इसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।
BJP कैंडिडेट की थी कार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कार पाथरकांडी से भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदू पॉल की थी। जब उनकी कार में EVM मिली तो वहां हालात तनावपूर्ण हो गए थे। इस घटना को कई स्थानीय पत्रकारों ने भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया। इन्हीं में से एक पोस्ट का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं।