बीमार हैं किरण खेर:ब्लड कैंसर से जूझ रहीं 68 साल की एक्ट्रेस, चार महीने पहले हाथ टूटने के बाद बीमारी का पता चलाबॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस और चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर मल्टीप्ल मायलोमा नाम की बीमारी से जूझ रही हैं, जो एक तरह का ब्लड कैंसर है। 68 साल की एक्ट्रेस का इलाज मुंबई में चल रहा है और वे रिकवर हो रही हैं। चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद ने इस बात की जानकारी मीडिया में दी है। उनके मुताबिक, एक्ट्रेस को यह बीमारी पिछले साल नवंबर में डिटेक्ट हुई थी।
हाथ टूटने के बाद डिटेक्ट हुई बीमारी
अरुण सूद ने अपने बयान में कहा, “पिछले साल 11 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित घर में किरण का बायां हाथ टूट गया था। चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रैजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में जांच कराने के बाद पता चला कि उन्हें मल्टीप्ल मायलोमा है। बीमारी उनके बाएं हाथ से लेकर दाएं कंधे तक फैल चुकी थी। 4 दिसंबर को उन्हें मुंबई जाना पड़ा।”
ट्रीटमेंट के बाद रिकवर हो रहीं किरण
सूद ने आगे बताया कि चार महीने के ट्रीटमेंट के बाद किरण रिकवर हो रही हैं। उन्हें ज्यादा समय के लिए कोकिलाबेन हॉस्पिटल में भर्ती नहीं होना पड़ा। ट्रीटमेंट के लिए रेगुलर तौर पर वहां जाती रहती हैं।