

दूसरी डोज का इंतजार:पानीपत में कोवैक्सीन की डोज खत्म, 28 दिन का पीरियड पूरा करने के बाद भी साढ़े तीन हजार को नहीं लग सकी दूसरी डोजनियम है कि जिस कंपनी की पहली डोज लगी है, दूसरी डोज भी उसी कंपनी की लगेगी
स्वास्थ्य विभाग ने मांगी 20 हजार कोवैक्सीन की डोज, इस सप्ताह मिलने की उम्मीद
पानीपत में को-वैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले करीब साढ़े तीन हजार हेल्थ वर्कर और फ्रंट लाइनर 28 दिन का पीरियड पूरा कर चुके हैं, लेकिन कोवैक्सीन न होने के कारण उन्हें दूसरी डोज नहीं दी जा सकी है। वैक्सीन न मिलने से पहली डोज लगवाने वालों के साथ स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दूसरी डोज 28 से 42 दिन के अंदर दी जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने कोवैक्सीन की 20 हजार डोज की मांग की है। इस सप्ताह डोज मिलने की उम्मीद है।
पानीपत में कोरोना से लड़ाई के लिए कोवीशील्ड और कोवैक्सीन की डोज उपलब्ध कराई गई थी। पानीपत को दोनों कंपनी की 68 हजार से अधिक डोज मिल चुकी हैं। इनमें कोवीशील्ड कंपनी की डोज की संख्या अधिक थी। पानीपत में कोवीशील्ड की डोज को काफी संख्या में है, लेकिन कोवैक्सीन की डोज खत्म हो चुकी है।
7 हजार से अधिक लोगों को दी गई थी पहली डोज
पानीपत में सात हजार से अधिक लोगों को कोवैक्सीन की पहली डोज दी गई थी। इनमें से करीब साढ़े तीन हजार लोग ऐसे हैं, जो कोवैक्सीन की डोज लगने के 28 दिन का पीरियड पूरा कर चुके हैं। नियम यह है कि जिस कंपनी की पहली डोज दी गई है, दूसरी डोज भी उसी कंपनी की दी जाएगी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पहली डोज लेने के 28 से 42 दिन के अंदर दूसरी डोज दी जा सकती है।
इस सप्ताह मिलेंगी कोवैक्सीन की और डोज
CMO डॉ. संतलाल वर्मा ने बताया कि कोवैक्सीन की 20 हजार डोज की मांग की गई है। कोवैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले कुछ लोगों ने हाल ही में 28 दिन का पीरियड पूरा किया है। इस सप्ताह कोवैक्सीन की डोज मिल जाएगी, जिसके बाद 28 दिन का पीरियड पूरा कर चुके लोगों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।