समंदर में ट्रैफिक जाम:दुनिया के सबसे व्यस्त रूट में फंसा सबसे बड़ा जहाज, 150 शिप कर रहीं निकलने का इंतजारक्या कभी आपने समुद्र में ट्रैफिक जाम के बारे में सुना है। ऐसा सोचना भी अजीब लगता है, लेकिन ऐसा हुआ है। दुनिया के सबसे ज्यादा व्यस्त शिपिंग रूट पर एक जहाज पिछले तीन दिनों से फंसा हुआ है। उसे निकालने की हर कोशिश बेकार जा रही है और ऐसा लगता है कि अभी कुछ दिन और वो वहीं फंसा रहेगा। तकरीबन 150 शिप, उस जहाज के निकलने का इंतजार कर रहे हैं।
ये वाकया इजिप्ट की स्वेज कैनाल (नहर) में हुआ है। तेज हवा चलने के कारण यहां 400 मीटर लंबा और 59 मीटर चौड़ा एक विशाल मालवाहक जहाज फंस गया है। जहाज के फंसने के बाद दोनों तरफ का ट्रांसपोर्टेशन रुक गया है। स्वेज कैनाल के जरिए ही जहाज तेल, गैस और दूसरे सामानों से भरे कंटेनर लेकर यूरोप से एशिया के बीच आते-जाते हैं। 30 प्रतिशत मालवाहक जहाज रोजाना इस रूट से गुजरते हैं। अगर कुछ दिन तक ऐसी ही स्थिति बनी रही तो कई शिपिंग कंपनियों को लाखों करोड़ रुपए का घाटा होगा।2018 में बना ये जहाज दुनिया के कुछ सबसे बड़े जहाजों में से एक है। इस पर एक साथ 20 हजार से ज्यादा कंटेनर लादे जा सकते हैं। इसका इस्तेमाल एशिया से यूरोप के बीच व्यापार करने के लिए किया जाता है।
जहाज का संचालन एवरग्रीन मरीन कॉर्प्स नामक ताइवान की कंपनी करती है। जहाज नीरदलैंड के रोटर्डम जाने के लिए रवाना हुआ था। शिपिंग एक्सपर्ट के मुताबिक अभी जहाज को बाहर निकालने में 48 घंटे से ज्यादा का समय लग सकता है।स्वेज कैनाल 193 किलोमीटर लंबी है। इस रूट के जरिए ही दुनिया का 12 प्रतिशत व्यापार होता है। जहाज के स्वेज कैनाल में फंसने के बाद उससे कंटेनर कम करना शुरू कर दिया गया है, लेकिन इसमें भी काफी वक्त लग सकता है।जहाज को निकालने के लिए पांच छोटी शिप को भी काम पर लगाया गया है। मरीन सर्विस प्रोवाइडर कंपनी GAC ने एक नोट जारी किया है। इसमें लिखा है कि जहाज को हटाने का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन तेज हवाओं के कारण रुकावट आ रही है।