कोरोना का कहर:जिले में 90 दिन बाद एक्टिव केस एक हजार से अधिक हुए, 24 घंटे में 188 नए पेशेंट मिलेनिगम क्षेत्र में मिले 170 केस, पटौदी व सोहना ब्लॉक में भी 18 केस मिलने से हड़कंप
11 मार्च को गुड़गांव में एक्टिव केस का आंकड़ा 513 था
गुड़गांव में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर दिसंबर महीने के बराबर हो गई है। पिछले 90 दिन में मंगलवार को सबसे अधिक 188 नए पेशेंट की पहचान हुई है। वहीं 73 पेशेंट ठीक होने के बावजूद भी जिला में एक्टिव केस का आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया है। गंभीर विषय ये है कि पिछले 12 दिन में ही एक्टिव केस दोगुना हो गए हैं। मंगलवार तक गुड़गांव में 78 पेशेंट अस्पतालों में एडमिट किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जहां कोरोना की जांच बढ़ा दी है, लेकिन इसके बावजूद पिछले एक सप्ताह में 1016 नए केस मिले हैं। जिला में कोरोना पेशेंट मिलने का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। जहां दिसंबर महीने के अंतिम सप्ताह के बाद से लगातार पेशेंट कम हो रहे थे। वहीं मार्च महीने के पहले सप्ताह से ही तेजी से केस मिल रहे हैं। 11 मार्च को गुड़गांव में एक्टिव केस का आंकड़ा 513 था। जो 23 मार्च को बढ़कर 1088 तक पहुंच गया। यह पिछले 90 दिन में सबसे अधिक है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लोग गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं और लापरवाही बरत रहे हैं। इसी वजह से संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है।
नगर निगम क्षेत्र में तेजी से बढ़े पॉजिटिव केस
नगर निगम एरिया में तेजी से पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। मंगलवार को कुल 170 केस निगम क्षेत्र में मिले हैं। जबकि 18 केस पटौदी व सोहना ब्लॉक में सामने आए हैं। निगम के जोन-1 में 16, जोन-2 में 39, जोन-3 में 42 व जोन-4 में 73 केस मिले हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र पटौदी में 10 व सोहना ब्लॉक में 8 नए केस मिले हैं। निगम क्षेत्र में पिछले एक साल में 53751 केस मिले चुके हैं।
4534 बुजुर्गों ने लगवाई वैक्सीन
जिला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल 7777 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिनमें सबसे अधिक 4534 बुजुर्गों ने वैक्सीन लगवाई। मंगलवार को छह हजार का टारगेट रखा गया था। वैक्सीनेशन के लिए कुल 148 बूथ बनाए गए थे, जिन पर 45 से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमार 1845 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसके अलावा 469 फ्रंट लाइन वर्कर्स को भी वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीनेशन के नोडल ऑफिसर डा. एमपी सिंह का कहना है कि वैक्सीन लगाने की रफ्तार बढ़ाई गई है।