असम का सियासी घमासान:अमित शाह और जेपी नड्डा आज 3 जगहों पर चुनाव प्रचार करेंगे; बीते दिन PM मोदी ने भी जनसभा की थीअसम विधानसभा चुनाव के लिए गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज ताबड़तोड़ रैलियां करेंगे। शाह धेमाजी, माजुली और उदलगुड़ी में चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालेंगे। वहीं, नड्डा डिब्रूगढ़, जोरहट और बिश्वनाथ चार्ली में रैलियों को संबोधित करेंगे।
बीते दिन मोदी ने रैली की थी
इससे पहले प्रधानमंत्री ने रविवार को असम के बोकाखाट में जनसभा को संबोधित किया था। मोदी ने कहा, ‘अब ये तय हो गया है कि असम में दूसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार NDA सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।’
भाजपा के निशाने पर कांग्रेस
उन्होंने कहा था कि अब देखिए, कांग्रेस का झारखंड में, बिहार में, महाराष्ट्र में, जिनके साथ इनका गठबंधन है, वो पश्चिम बंगाल में इनके खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। केरल में लेफ्ट को गाली देते हैं, पश्चिम बंगाल में कुर्सी की आस में लेफ्ट को गले लगाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में सवाल था कि ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आपस में कनेक्टेविटी कैसे बढ़े? NDA के सेवाकाल में ब्रह्मपुत्र पर आधुनिक पुल बन रहे हैं, पुराने अधूरे पुलों को पूरा किया जा रहा है।
असम में तीन चरणों में चुनाव
असम की 126 सीटों के लिए 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को तीन चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में कुल 47 सीटें हैं। दूसरे में 39 और तीसरे चरण में 40 सीटों पर मतदान होगा। मतगणना 2 मई को होगी।