महिला हाॅकी चैंपियनशिप:राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के खिताब पर हरियाणा ने जमाया कब्जाहरियाणा की साक्षी राणा की ओर से दागी गई गोल बनी निर्णायक
झारखंड टीम ने अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन किया, पेनाल्टी शूट आउट से निकला मैच का परिणाम
उपविजेता झारखंड की बालाओं ने अपने जुझारू खेल के प्रदर्शन से दर्शकों का प्यार जीता
हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष ने चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए दिया धन्यवाद
चैंपियनशिप का सिमडेगा में आयोजन जिला और राज्य के लिए गर्व की बात
सिमडेगा के एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल मैच में मेजबान झारखंड और हरियाणा की टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। अपेक्षाकृत मजबूत मानी जा रही हरियाणा की खिलाड़ियों का झारखंड की बेटियों ने जमकर जवाब दिया।
उनके गोलपोस्ट पर हमले किये। पेनाल्टी कॉर्नर भी मिला लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल पाई। निर्धारित समय में गोल नहीं होने पर पेनाल्टी शूट आउट और सडन डेथ का सहारा लिया गया। जिसमें हरियाणा की साक्षी राणा ने गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इधर झारखंड टीम की कोच प्रतिमा बरवा ने कहा कि झारखंड टीम ने अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन किया।
दोनों टीमों के बीच बराबरी की टक्कर हुई। हालांकि पेनाल्टी शूट आउट में गोल करने की हरियाणा की तैयारी बेहतर दिखी। हरियाणा की खिलाड़ी ने पहला गोल स्टिक पर बॉल को उछालते हुए गोलकीपर तक पहुंचने के बाद खास अंदाज में किया। मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय की प्रभारी कुलपति डॉ कामिनी कुमार उपस्थित थीं।
3 अप्रैल से राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप
सिमडेगा में हॉकी का खेल अभी थमा नहीं है। राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के समापन के बाद कुछ ही दिनों के अंतराल में अब 3 अप्रैल से राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होगा। हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि इसमें 28 राज्यों की टीम शामिल होगी। उन्होंने सब जूनियर चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए सबों को धन्यवाद दिया।
सेफा और फाइनल का 194 देशों में किया गया प्रसारण
सिमडेगा में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल व फाइनल के अलावा अन्य मैचों का प्रसारण भी 194 देशों में किया गया। विश्व हॉकी संघ और झारखंड सरकार के प्रयास से यू ट्यूब के द्वारा यह प्रसारण हुआ। हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों ने इसे सिमडेगा के लिए गर्व का विषय बताया। कहा गया कि अब से पहले ऐसा किसी आयोजन में नहीं हुआ है।