BJP की शरण में ‘श्रीराम’:रामायण सीरियल से मशहूर हुए अरुण गोविल BJP में शामिल,
March 19, 2021
मंडल के चारों जिलों में अब रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने पर रहेगी पाबंदी
March 19, 2021

कोरोना देश में:20 मार्च से मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र आने-जाने वाली यात्री बसों पर प्रतिबंध

कोरोना देश में:20 मार्च से मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र आने-जाने वाली यात्री बसों पर प्रतिबंध, निजी वाहनों पर रोक नहींमहाराष्‍ट्र में गुरुवार को 25,833 नए केस मिले, पिछले साल सितबंर के बाद सबसे ज्यादा, अहमदाबाद में शुक्रवार से नाइट कर्फ्यू, वीकेंड में बंद रहेंगे मॉल-सिनेमा हॉल
महाराष्‍ट्र में बेकाबू कोरोना के आंकड़े डराने लगे हैं। राज्‍य में पिछले 24 घंटे में 25,833 नए मामले सामने आए हैं। यह आंकड़ा पिछले छह महीनों में सबसे ज्यादा है। पिछले साल 11 सितंबर को राज्य में 24,886 केस मिले थे।

इस बीच, 20 मार्च से मध्य प्रदेश में महाराष्ट्र से आने-जाने वाली यात्री बसों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि, निजी वाहनों के आवागमन पर फिलहाल रोक नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार देर शाम मंत्रालय में हुई कोरोना की समीक्षा बैठक में इसकी जानकारी दी।

शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक मानी जा रही है। महाराष्ट्र में कोरोना की विस्फोटक स्थिति है, जिसके कारण मध्य प्रदेश के हालात बिगड़े हैं। ऐसे में यात्री बसों के आवागमन पर रोक लगाई जा रही है। उन्होंने महाराष्ट्र की सीमा से लगे जिलों के प्रशासन को इस प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

गुजरात में भी बढ़ते मामलों को देखते हुए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने 19 मार्च से शहर में नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। यह रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू होगा। इसके अलावा शहर में शनिवार और रविवार को मॉल, सिनेमा हॉल आदि सार्वजनिक जगहों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

सबसे उम्रदराज महिला को लगी वैक्सीन
देश में कोरोना की दूसरी लहर की आहट के बीच वैक्सीनेशन प्रोग्राम ने भी तेजी पकड़ ली है। इसी के मद्देनजर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जालौन में 109 साल की राम दुल्हैया को कोरोना का टीका लगाया गया। वे टीका लगवाने वाली देश की सबसे उम्रदराज महिला हैं। इससे पहले बेंगलुरु में 103 साल की बुजुर्ग जे. कमलेश्वरी को कोरोना की पहली खुराक दी गई थी।

पंजाब के 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ा
वहीं, पंजाब के 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू के समय में बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले यहां रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया था। अब इसे बढ़ाकर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। इन जिलों में लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला और रोपर शामिल हैं। यहां पिछले कई दिनों से रोजाना 100 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।

उधर, दिल्ली में कोरोना को लेकर केजरीवाल सरकार अलर्ट पर आ गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक बैठक बुलाई। इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि अभी फिक्र करने की बात नहीं है, दिल्ली की पॉजिटिविटी दर 1% से कम है और यहां पर अधिक से अधिक लोगों का टेस्ट किया जा रहा है।

सुखबीर बादल को कोरोना
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल की कोरोना रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई थी। गुरुवार को बादल निवास पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई, जिन्हें होम क्वारैंटाइन किया गया है। सुखबीर को मेदांता दिल्ली में भर्ती कराया गया है। अब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी दिल्ली शिफ्ट होने जा रहे हैं। हालांकि उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन एहतियातन उन्हें उनके दिल्ली निवास पर ले जाया जा रहा है।
24 घंटे में करीब 36,000 मरीज मिले
देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 35,838 लोग पॉजिटिव पाए गए। 17,793 ठीक हुए और 171 की मौत हो गई। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीज, मतलब एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख 49 हजार 197 हो गया। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस में 17,862 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नए संक्रमितों का आंकड़ा 5 दिसंबर के बाद, यानी 101 दिन में सबसे ज्यादा है। 5 दिसंबर को 36,010 केस आए थे। इसके बाद इनमें गिरावट आती गई।

देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 74 हजार 302 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 1 करोड़ 10 लाख 61 हजार 170 ठीक हुए हैं, जबकि 1 लाख 59 हजार 250 लोगों की मौत भी हुई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।अपडेट्स

हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, भारत में अब तक 400 ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील वैरिएंट के केस मिल चुके हैं। इनमें से 158 पिछले 2 हफ्तों में सामने आए हैं।
कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से गुजरात के अहमदाबाद में उद्यानों और पार्कों को गुरुवार से अगले आदेश तक लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा अहमदाबाद ट्रांसपोर्ट सर्विस (AMTS) और अहमदाबाद बस रैपिड ट्रांजिस्ट सिस्टम ने भी बसों की सर्विस पर भी रोक लगा दी है।
एलायंस एयर, इंडिगो और एयर एशिया ने 7 पैसेंजरों को फ्लाइट में बैठने से रोक दिया। यह फैसला कोरोना नियमों का पालन न करने को लेकर किया गया। इससे पहले 13 मार्च को DGCA ने कहा था कि फ्लाइट के दौरान अगर कोरोना नियमों का पालन नहीं किया गया तो पैसेंजरों को ट्रैवल करने की इजाजत नहीं होगी।
राजस्थान सरकार ने प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्राइमरी स्टूडेंट्स को राहत दी है। अब कक्षा 1 से 5वीं क्लास तक के करीब 40 लाख बच्चों को एग्जाम नहीं देने होंगे। इन स्टूडेंट्स को बिना एग्जाम के ही अगली क्लास में प्रमोट किया जाएगा।
राजस्थान में 6वीं और 7वीं की परीक्षाएं 15 अप्रैल से करवाने का फैसला किया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
बिहार के CM नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले में बिहार की स्थिति महाराष्ट्र या अन्य राज्यों जैसी नहीं है। सरकार रात 9 बजे रोज के डेटा की समीक्षा करती है। उन्होंने साफ किया कि बिहार में स्कूल-कॉलेज पहले की तरह चलेंगे, इन्हें रोकने की जरूरत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Updates COVID-19 CASES