कृषि विभाग का मौसम बुलेटिन:3 दिनों में 34.5 तक पहुंचेगा तापमान, सामान्य से अधिक तापमान के कारण समय से पहले पकेगी गेहूं की फसलकृषि विभाग ने जारी किए अगले 5 दिनों का मौसम बुलेटिन, बादल छाएंगे बारिश की संभावना नहीं
न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान, 1 डिग्री बढ़ा अधिकतम तापमान
अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान के 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कृषि विभाग ने बादल छाने और बारिश न होने की संभावना जताई है। तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण गेहूं की फसल समय से पहले पकने का अनुमान है। गुरुवार को सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पानीपत कृषि विभाग ने अगले पांच दिनों का मौसम बुलेटिन जारी किया है। विभाग के अनुसार 21 मार्च को इस महीने का अब तक का सबसे अधिक 34.5 तापमान रहेगा। न्यूनतम तापमान भी 17.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हवाओं की अधिकतम स्पीड 12 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। मार्च महीने में ही गर्मी अपना रूप दिखा सकती है।
बार-बार करें फसलों की सिंचाई
कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि इस बार तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण गेहूं की फसल समय से पहले पक सकती है। गर्मी होने के कारण फसल की बेहतर पैदावार के लिए समय पर सिंचाई जरूरी है। अन्य फसल बरसीम, सरसों और गन्ने की फसल को भी बार-बार सिंचाई की जरूरत है।