उत्तराखंड के CM का विवादित बयान:तीरथ सिंह ने महिलाओं के फटी जींस पहनने पर जताई आपत्ति, नव्या नवेली नंदा बोलीं-हमारे कपड़ों से पहले अपनी मानसिकता बदलिएअमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के एक विवादित बयान पर गुस्सा जाहिर किया है। तीरथ सिंह ने हाल ही में महिलाओं के रिप्ड जींस पहनने पर अपने विचार रखे थे। उन्होंने कहा था कि, महिलाएं रिप्ड जींस पहन कर घर पर बच्चों को सही माहौल उपलब्ध नहीं करा सकती हैं। उनके इस बयान पर नव्या नवेली नंदा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर तीरथ सिंह को अपनी मानसिकता बदलने को कहा है।
मैं गर्व से पहनूंगी रिप्ड जींस
नव्या नवेली नंदा ने पोस्ट में लिखा, “हमारे कपड़ो को बदलने से पहले आपको अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है। क्योंकि, यहां केवल चौंकाने वाली बात यह है कि इस तरह के संदेश समाज को भेजे जाते हैं।” नव्या ने अपने अगले पोस्ट में रिप्ड जींस पहने खुद की एक फोटो शेयर कर लिखा, “मैं अपनी रिप्ड जींस पहनूंगी, धन्यवाद। और मैं उन्हें गर्व से पहनूंगी।”CM तीरथ सिंह रावत ने क्या कहा था?
CM तीरथ सिंह रावत मंगलवार को देहरादून में बाल अधिकार उत्तराखंड के संरक्षण के लिए राज्य आयोग द्वारा आयोजित एक वर्कशॉप में शामिल हुए थे। इस दौरान ही तीरथ सिंह रावत ने महिलाओं के रिप्ड जींस पहनने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने अपने बयान में कहा था, “आजकल महिलाएं भी फटी जींस पहनती हैं। उनके घुटने दिखते हैं, ये कैसे संस्कार हैं? ये संस्कार कहां से आ रहे हैं। इससे बच्चे क्या सीख रहे हैं और महिलाएं आखिर समाज को क्या संदेश देना चाहती हैं। फटी जींस हमारे समाज के टूटने का मार्ग प्रशस्त कर रही है। इससे हम बच्चों को बुरे उदाहरण दे रहे हैं, जो उन्हें नशीले पदार्थों के सेवन की ओर लेकर जाते हैं। अब हम अपने बच्चों को ‘कैंची से संस्कार’ दे रहे हैं।”
रावत ने अपने बयान में आगे कहा था, “फटी जींस पहनना, घुटने दिखाना। ये सब कहां से आ रहा है? ये घर से आ रहा है, इसमें शिक्षकों या स्कूलों की क्या गलती है? मैं अपने बेटे को घुटनों से फटी जींस में कहां ले जा रहा हूं? अपने घुटने दिखाने में लड़कियां भी कम नहीं हैं, क्या यह सही है? हम ये सब पश्चिमीकरण की पागल दौड़ में कर रहै हैं, जबकि पश्चिमी दुनिया हमारा अनुसरण कर रही है, अपना शरीर ढक कर योग कर रही है।”