सरकार पर दबाव की तैयारी:अविश्वास प्रस्ताव गिरने से किसानों में रोष, 4 जिलों में मंत्री-विधायकों के पुतले फूंके; भाजपा-जजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शनविस में सरकार के पक्ष में वोट करने वाले विधायकों व मंत्रियों का किया विरोध
किसानों ने अम्बाला में पुतला फूंका, बोले- जहां जाएंगे विराेध हाेगा
विधायक ने वीडियो जारी कर कहा- किसान उनके लिए पूजनीय हैं
विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद किसान गुरुवार को आक्रामक हो गए हैं। किसानों ने 4 जिलों में सरकार के पक्ष में वोट करने वाले मंत्री-विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। सिरसा, भिवानी, अम्बाला में मंत्री और विधायकों के पुतले भी फूंके गए। हालांकि पुलिस-प्रशासन ने सभी मंत्री-विधायकों के आवासों की सुरक्षा बढ़ा रखी है। जींद में किसानों ने विरोधस्वरूप करीब आधे घंटे के लिए जाम भी लगाया।
सिरसा में गुरुवार सुबह रेड लाइट चौक में टोल प्लाजा पर धरनारत किसानों ने मंत्रियों व विधायकों के पांच मुंह वाला पुतला फूंका, जबकि शहीद भगतसिंह स्टेडियम में पक्का मोर्चा पर डटे किसानों ने हलोपा कार्यालय के सामने सिरसा के विधायक गोपाल कांडा व बाबा भूमणशाह चौक में बिजली मंत्री रणजीत सिंह व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के पुतले फूंके। भिवानी में बाढड़ा से जजपा विधायक नैना चौटाला, भिवानी से भाजपा विधायक घनश्याम व बवानीखेड़ा से विधायक बिशम्बर वाल्मीकि के पुतले फूंके। किसानों ने कहा कि 55 विधायकों ने मतदाताओं से विश्वासघात किया है। टोहाना में संयुक्त किसान मोर्चा शुक्रवार को विधायक देवेंद्र सिंह बबली का पुतला फूंकेगा।
बहादुरगढ़ में किसानों ने बनाए टीन शेड, पंखे लगाए, पक्के निर्माण भी शुरू
कुंडली और टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने पक्के निर्माण भी शुरू कर दिए हैं। बहादुरगढ़ में गर्मी व बारिश से बचने के लिए टीन शेड लगाकर कमरे बना लिए हैं। अस्थाई मकानों की तैयारी कर रहे हैं। इन कमरों में पंखे भी लगा दिए हैं। किसानों ने कड़कड़ाती ठंड और बारिश तो तिरपालों में बिता दी, आने वाले दिन कड़ी धूप और गर्मी के हैं। किसान पहले तिरपाल के शेड बनाकर रह रहे थे, लेकिन गर्मी के दिनों में इनमें रहना मुश्किल है।