कांग्रेस का डैमेज कंट्रोल:आनंद शर्मा बोले- पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं, भाजपा को हराने के लिए हम सभी एकजुटकांग्रेस पर लगे गुटबाजी के आरोपों के बीच पार्टी नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। हम सोनिया गांधी की लीडरशिप में भाजपा को हराने के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं। आगामी विधानसभा में कांग्रेस विपक्षी दलों पर जीत दर्ज करेगी।
कांग्रेस आंतरिक चर्चा के लिए खड़ी : शर्मा
उन्होंने कहा कि पार्टी में गुटबाजी को लेकर कोई गलत धारणा नहीं होनी चाहिए। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा कि कांग्रेस ऐतिहासिक रूप से आंतरिक चर्चा के लिए खड़ी है, जहां मुद्दों पर संगठन के भीतर बहस होती है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दिनों से कांग्रेस पार्टी के लंबे इतिहास में जब महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, वल्लभभाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे नेता थे, तब से यह परंपरा चली आ रही है।
जिसे जाना है जाएं : शर्मा
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी चाको के आरोपों पर कहा कि जिन्हें छोड़ना है, वो छोड़कर जाएं, यह राजनीतिक दलों में होता है। लेकिन कांग्रेस पार्टी यह बताएगी कि वह इस चुनाव में एकजुट होकर कैसे लड़ सकती है। यही कांग्रेस का प्रयास होगा।
चाको ने लगाए थे आरोप
पीसी चाको ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वह केरल के त्रिशूर सीट से सांसद रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस पार्टी केरल में दो गुटों में बंट गई है, एक गुट-A है, दूसरा-I है। इससे राज्य में पार्टी को नुकसान हो रहा है।
हालांकि पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस्तीफे के पीछे दूसरी वजहें हैं। पहली वजह, पिछले आम चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिलना था। दूसरी बड़ी वजह विधानसभा चुनाव से जुड़ी है।
केरल में 6 अप्रैल को चुनाव
आने वाले दिनों में जिन 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें केरल भी शामिल है। केरल में 6 अप्रैल को एक ही चरण में वोटिंग होनी है। चुनावों के परिणाम 2 मई को आएंगे।