कृषि विभाग का मौसम बुलेटिन:पानीपत में 10 से 14 तक बारिश व ओलावृष्टि की आशंका, अगले 5 दिन में 31.7 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान20 किलोमीटर रहेगी हवाओं की अधिकतम रफ्तार, आकाशीय बिजली की जानकारी के लिए एप डाउनलोड करने की अपील
मंगलवार रात कुछ देर की आंधी के बाद सुबह शांत रहीं हवाएं, 2-2 डिग्री गिरा तापमान
पानीपत में मंगलवार रात को कुछ देर की आंधी के बाद बुधवार सुबह को हवाएं शांत रहीं। सुबह से ही तेज धूप देखने को मिली। हालांकि मंगलवार के मुकाबले अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। कृषि विभाग के अनुसार 10 से 14 तक बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। बुधवार को सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पानीपत कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से जारी किए गए मौसम बुलेटिन के अनुसार 10 से 14 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। पूर्वी हवाओं के चलने से 10 से 14 मार्च तक चमक-गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के चलने की संभावना है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 31.7 और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। इन पांच दिनों में हवाओं की अधिकतम रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है।
एप से जानें आकाशीय बिजली का पूर्वानुमान
कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. राजबीर गर्ग ने कहा कि किसान दामिनी एप डाउनलोड करके आकाशीय बिजली का पूर्वानुमान जान सकते हैं और इसके खतरनाक प्रभावों से बच सकते हैं। यह एप आकाशीय बिजली की शुरूआती जानकारी देने के साथ उससे बचने के तरीके भी बताती है। उन्होंने किसानों को 14 मार्च तक फसल में सिंचाई और स्प्रे करने से बचने की सलाह दी है।