सत्र का दूसरा दिन:मृत किसानों के फोटो दिखा भुक्कल ने पूछा- काले कानून क्यों बनाए, शिक्षा मंत्री बोले- क्या काला नजर आया; आपने सड़क पर बुजुर्ग बैठाएकृषि कानूनों को लेकर सदन में विपक्ष के साथ सत्ता में सहयोगी जजपा और निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार को घेरा
जजपा विधायक बबली भी किसानों के पक्ष में आए
कृषि कानूनों को लेकर सदन में विपक्ष के साथ सत्ता में सहयोगी जजपा और निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने जब इन कानूनों को काला बताया तो उनकी शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर के साथ जमकर बहस हुई। काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसकी शुरूआत तब हुई जब भुक्कल ने आंदोलन में मारे गए किसानों के फोटो दिखाते हुए सरकार से जवाब मांगा। साथ ही तीनों कृषि कानूनों को काला कानून बताया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने पूछा कि ये बताएं कि ये काले कैसे हैं। आपकी दस साल सरकार रही, आपने क्या किया।
इस पर भुक्कल ने कहा कि आपको क्यों काला नजर नहीं आ रहा है। इसके बाद गुर्जर के साथ कृषि मंत्री जेपी दलाल व परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के साथ अन्य विधायकों ने भी मोर्चा संभाला। गुर्जर ने कहा कि आंदोलन में बुजुर्ग किसानों को आपने ही बैठाया। उनमें कुछ का स्वर्गवास हो गया। इसके लिए जिम्मेदार कांग्रेस और किसान यूनियन है। राजस्थान में रूपकंवर के मामले में भी उकसाया गया था। हम किसी मामले के लिए जिम्मेदार नहीं है। इस पर पलटवार करते हुए भुक्कल ने कहा कि जो किसान मरे हैं, उन्हें पहचाना। इस पर कृषि मंत्री को माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री मन की बात करते हैं, लेकिन किसानों से बात क्यों नहीं करते। प्रदेश के मुख्यमंत्री क्यों नहीं किसानों की बात करते। क्या किसानों की शहादत गलत है। सीएम को राजधर्म निभाना चाहिए।
जब उन्होंने कहा कि मंडियों बंद की जा रही है तो कृषि मंत्री दलाल ने सवाल पूछा कि कौनसी मंडी बंद हो गई। कोई एक नाम तो बताएं। जब सामने पूरा सत्ता पक्ष खड़ा हो गया तो भुक्कल ने कहा कि महिला दिवस पर महिला की आवाज को दबाया जा रहा है। इस दौरान सभापति की भूमिका में आई भाजपा विधायक सीमा त्रिखा ने उन्हें बैठने के लिए कहा तो भुक्कल वेल तक पहुंच गई। प्रश्नकाल में भी जजपा विधायक ईश्वर सिंह ने स्किल ट्रेनिंग सेंटर के मामले में मंत्री मूलचंद शर्मा घेरा। बजट सत्र के दौरान सदन मेें नांगल चाैधरी से भाजपा विधायक डॉ. अभय सिंह यादव व मुलाना से कांग्रेसी विधायक वरुण चौधरी काे वर्ष 2020-21 के सर्वश्रेष्ठ विधायक के रूप में चुना गया है।
गांव में निकलते हैं तो लोग घुसने से करते हैं मना: जजपा विधायक
सत्ता में सहयोगी जजपा के टोहाना से विधायक देवेंद्र बबली ने भी कृषि कानूनों पर सरकार को घेरा। बबली ने कहा कि 100 दिनों से ज्यादा समय से किसान दिल्ली के चारों तरफ बैठे हैं। हम सरकार में हैं, लेकिन आज की स्थिति प्रदेश के हित में नहीं है। जो किसान, माता-बहनें धरने पर बैठें हैं, वह खुशी से नहीं बैठे। आज गांव में निकलते हैं तो गांवों में घुसने से मना कर दिया जाता है। प्रदेश में ऐसे हालातों में कहां से इन्वेस्ट आएगा।
कृषि कानूनों से किसान बर्बाद हो जाएंगे: सोमबीर सिंह सांगवान
सरकार से समर्थन वापस ले चुके दादरी से निर्दलीय विधायक सोमबीर सिंह सांगवान ने किसानों के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि किसान की सबसे बुरी दशा है। 105 दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं। इन कानूनों से किसान बर्बाद हो जाएगा। इस पर कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसानों मत डराओ। इस पर सांगवान ने कहा कि इन कानूनों का एक फायदा गिना दो। उन्होंने कहा कि मेरे हलके से बड़ा दर्द किसानों का है।
प्रदेश में शुरू होगी विधायक आदर्श ग्राम योजना, बजट में मिलेगी राशि
हरियाणा के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विधायक अपनी मर्जी से पांच-पांच करोड़ रुपए के विकास कार्य करवा सकेंगे। प्रदेश सरकार इस साल के बजट में धनराशि का प्रावधान करने जा रही है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक बिशन लाल सैनी द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में जानकारी दी। डिप्टी सीएम ने कहा कि इस योजना को बंद नही किया गया है। विधायक आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत विधानसभा के सदस्यों द्वारा वर्ष 2019-2020 में पहले से ही चयनित किए गए विकास कार्यों के लिए धनराशि वित्तीय वर्ष 2020-2021 के बजट के मंजूर की जा रही है। इस बजट में धनराशि का प्रावधान किए जाने के बाद प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधायक आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।