

हरियाणा की होनहार बेटियां:पूनम ने बहन को देख प्रैक्टिस शुरू की, किसान पिता कहते थे- मन से मेहनत जरूरी, बाॅक्सिंग में 8 इंटरनेशनल व 20 नेशनल मेडल जीतेखेल, समाज सुधार, महिला उत्थान के लिए कार्य करने वाली जिन महिलाओं को सरकार देगी अवाॅर्ड, पढि़ए… उनकी प्रेरक कहानियां
हिसार की अंतरराष्ट्रीय शूटर साेनिका भी चयनित
डीसी प्रियंका को मिलेगा इंदिरा गांधी शक्ति अवाॅर्ड
महिला दिवस पर प्रदेश सरकार खेल क्षेत्र, सरकारी कर्मचारी श्रेणी, समाज सेवा, महिला उद्यमियों समेत आंगनबाड़ी वर्करों को सम्मानित करेगी। यह सम्मान विभिन्न क्षेत्र में किए उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला खिलाड़ी पुरस्कार के लिए चयनित हाेने वाली मूलरूप से बुड़ाक (हिसार) गांव की पूनम पूनिया हैं। उनके पिता ओमप्रकाश खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पाेषण करते हैं।
अब नवदीप काॅलाेनी में रह रहीं पूनम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाॅक्सिंग चैंपियनशिप में 8 और नेशनल चैंपियनशिप में 20 मेडल हासिल कर चुकी हैं। पूनम का कहना है कि उनके पिता और काेच की बदाैलत ही वह महिला खिलाड़ी पुरस्कार से सम्मानित हाेंगी। पूनम की बड़ी बहन साेनू भी अंतरराष्ट्रीय स्तरीय बाॅक्सर हैं। उन्हें देखकर ही पूनम ने प्रैक्टिस शुरू की थी। पूनम ने खिलाड़ियों काे संदेश देते हुए कहा कि काेई भी कार्य कठिन नहीं हाेता है। बस मन लगाकर मेहनत करनी चाहिए।
नेशनल-इंटरनेशनल में 12 मेडल जीते, दिल्ली में कर सहायक पद पर तैनात
महिला खिलाड़ी पुरस्कार के लिए चयनित हाेने वाली अंतरराष्ट्रीय शूटर साेनिका मूल रूप से हिसार के राजेंद्रा एन्कलेव की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 6 और नेशनल स्तर पर 6 गाेल्ड और सिल्वर मेडल हासिल किए। साेनिका के पिता सुरेश कुमार हांसी में हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर हैं। वर्ष 2017 में कुवैत में हुई एशियन चैंपियनशिप में साेनिका ने गाेल्ड मेडल जीता था। खेल काेटे से ही अब साेनिका दिल्ली में जीएसटी एंड कस्टम डिपार्टमेंट में कर सहायक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। साेनिका ने खिलाड़ियाें काे संदेश देते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य काे पाया जा सकता है। उसके लिए सिर्फ मेहनत जरूरी है। मेहनत के बल पर किसी भी मंजिल काे पाया जा सकता है। खेल में निराशा मिलने पर भी निराश नहीं होना है।
6 साल से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के लिए निकाल रही साइकिल यात्राएं
रोहतक सेक्टर- 3 निवासी डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में ड्राइंग टीचर स्वीटी मलिक को खेल क्षेत्र में अवाॅर्ड देने के लिए चयनित किया है। वो 6 साल से साइकिलिंग के जरिए लंबी लंबी यात्राएं करके बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वास्थ्य जागरुकता का संदेश देने के काम करती रही हैं। मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में राज्यस्तर पर 16 गोल्ड, सिल्वर, ब्रांज मेडल और साइकिल रेस में 50 से ज्यादा मेडल जीत चुकी हैं। 335 किमी साइकिल रेस में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं।
एमडीयू जनसंचार विभाग में 3 दशक से कार्यरत, देश-विदेश में जीत चुकी अवॉर्ड
एमडीयू रोहतक की पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में तीन दशक से कार्यरत प्रो. सुमेधा धानी को इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवाॅर्ड के लिए चयनित किया है। उन्होंने बताया कि वो वैश्विक समाज के निर्माण में उत्कृष्ट भूमिका व महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता व मानवाधिकारों जैसे सामाजिक मुद्दों पर काम किया है। वे देश-विदेश में कई अवाॅर्ड जीत चुकी हैं। प्रो. सुमेधा को 8 मार्च 2021 को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 3 अवाॅर्ड के लिए चयनित किया गया है।
चहक और हुनर बूथ की शुरुआत की
हिसार की डीसी डाॅ. प्रियंका सोनी को महिलाओं के स्वास्थ्य व उनके उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्हें इंदिरा गांधी शक्ति अवाॅर्ड से नवाजा जाएगा। उन्हाेंने चहक और महिलाओं को रोजगार दिलाने के उद्देश्य से हुनर बूथ की स्थापना की। महिलाओं को मोटीवेट करने के लिए वुमन फिल्म फेस्टिवल शुरू किया।
जानिए… किस क्षेत्र में किन महिलाओं को मिलेगा सम्मान
सरकारी सेवाएं
2 कर्मचारियों को अवाॅर्ड के रूप में 21-21 हजार रुपए और प्रशंसा पत्र मिलेगा। यह अवाॅर्ड सोनीपत निवासी स्नेह लता व जींद निवासी एएसआई रेणू चाहर को मिलेगा, जबकि फतेहाबाद निवासी स्नेह लता, पंचकूला निवासी इंदू बाला, राजकुमारी, इंस्पेक्टर राजेश कुमारी, रितु कालरा को मिलेगा प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।
समाज सेवा
तीन महिलाओं को अवाॅर्ड मिलेगा। प्रत्येक को 21-21 हजार रुपए और प्रशंसा पत्र दिया जाएगा। यह अवार्ड कैथल निवासी सुमन देवी व अंजु कुंडू, रेवाड़ी निवासी विजय कुमारी को मिलेगा। कुरुक्षेत्र निवासी मोनिका शर्मा, चरखी दादरी निवासी संतरा देवी व जीरकपुर निवासी अल्का शर्मा को प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।
महिला उद्यमी
2 महिलाओं को मिलेगा अवार्ड दिया जाएगा। इसमें प्रत्येक को 21 हजार रुपए की राशि मिलेगी। यह अवार्ड गुरूग्राम से हर्शिता गोयल व संतोष राठौर को मिलेगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
9 महिलाओं को अवाॅर्ड के रूप में प्रत्येक को 21 हजार रुपए दिए जाएंगे। इनमें कैथल निवासी सुमन, जींद निवासी रीना, यमुनानगर निवासी अनीता देवी, कुरुक्षेत्र निवासी मनदीप, पलवल निवासी रेणू सरौत, करनाल निवासी अनीता, गुरुग्राम निवासी पूनम, कैथल निवासी सुमित्रा देवी व पानीपत निवासी ज्योति देवी का नाम शामिल किया गया है।