कैथल में पराली में जलता मिला शव:मृतक के सिर्फ पांव बचे हैं; पुलिस को हत्या की आशंका, अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे पर किसान ने देखा थाCIA और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने आसपास के खेतों में सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला
हरियाणा के कैथल जिले में अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे पर गांव क्योड़क में हांसी बुटाना लिंक नहर पर पराली में जलता हुए एक व्यक्ति का शव मिला है। शव आधे से ज्यादा जल चुका है, क्योंकि सिर्फ पांव ही बाहर नजर आ रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के बचे अवशेष कब्जे में लिए। FSL टीम ने भी सैंपल ले लिए हैं। पुलिस को हत्या किए जाने की आशंका है। केस दर्ज करके मामले में बनती आगे की कार्रवाई जारी है।
DSP कुलवंत सिंह ने बताया कि गांव क्योड़क निवासी एक किसान रमेश शुक्रवार सुबह जब अपने खेत जा रहा था तो उसने नहर की पटरी पर पराली के ढेर में आग लगी देखी। पास जाकर देखा तो एक शख्स के पांव नजर आ रहे थे। उसने तुरंत इसकी जानकारी गांव के सरपंच और पुलिस को दी। खबर मिलते ही सरपंच बलकार आर्य और SP लोकेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। फाॅरेंसिंक साइंस लैब की टीम भी पहुंची और नमूने जुटाए।
CIA और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने आसपास के खेतों में सर्च अभियान भी चलाया। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आशंका है कि शख्स की हत्या की गई और सुबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया गया। जांच में पता चला है कि जहां शव मिला है, उससे कुछ ही दूरी पर एक होटल भी है। इसलिए पुलिस अब होटल के बाहर लगे CCTV कैमरे भी खंगाल रही है। वहीं गुमशुदा लोगों की सूची तैयार की गई है। DNA जांच भी कराई जा सकती है।