कृषि विभाग का मौसम बुलेटिन:पानीपत में कल बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका, अगले पांच दिनों में 32.8 तक पहुंचेगा अधिकतम तापमानपानीपत में 2 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान, 19KM की रफ्तार से चल रहीं हवाएंपानीपत में आज से 10 मार्च तक मौसम बदलता रहेगा। रविवार और सोमवार को हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। शनिवार को सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पानीपत में सुबह से ही 19 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। कृषि विभाग ने अगले पांच दिनों को मौसम बुलेटिन जारी किया है। इसके अनुसार शनिवार से 10 मार्च तक मौसम में बदलाव होंगे। रविवार और सोमवार को हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इन पांच दिनों में अधिकतम तापमान 30.5 से लेकर 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.7 से लेकर 17.4 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शनिवार के बाद हवाओं की अधिकतम गति 17 किलोमीटर प्रतिघंटा की रह सकती है।
ओलावृष्टि से गेहूं और सरसों कर फसल को नुकसान
वर्तमान में गेहूं और सरसों की फसल में बालियां निकल चुकी हैं। ऐसे में ओलावृष्टि होने पर दोनों फसलों को भारी नुकसान होगा।
फसलों को पानी न देने के साथ गन्ने की न करें बुवाई
कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजबीर गर्ग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को गेहूं, सरसों और बरसीम की फसल की सिंचाई न करने के साथ गन्ने की बुवाई भी न करने की सलाह दी है।