SpaceX के मंगल मिशन को झटका:6 मील की ऊंचाई से वापस लौटा रॉकेट स्टारशिप SN10; सफल लैंडिंग के 10 मिनट बाद हो गया ब्लास्टस्पेस रिसर्च के क्षेत्र में काम करने वाली स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कोर्पोरेशन कंपनी (SpaceX) के मंगल मिशन को झटका लग गया है। इस मिशन के तहत हवा में 6 मील की ऊंचाई तक भेजा गया कंपनी का सबसे बड़ा रॉकेट स्टारशिप SN10 लैंडिंग के बाद ब्लास्ट कर गया। इससे लॉन्चपैड पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। स्पेसएक्स की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, स्टारशिप की लैंडिंग सफल हुई, लेकिन 10 मिनट बाद इसमें ब्लास्ट हो गया।
तीसरी बार किया था सफल लैंडिंग
रॉकेट स्टारशिप को दो बार हवा में भेजकर वापस लैंडिंग कराया जा चुका था। ये तीसरी बार था। इस बार भी लैंडिंग सफल हुई, लेकिन बाद में ब्लास्ट कर गया। इससे पहले स्पेसएक्स का SN8 और SN9 भी ब्लास्ट हो चुका है। स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने राकेट के बिना नष्ट हुए लैंडिंग की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जाएगा, लेकिन उससे बड़ी उपलब्धि ये है कि रॉकेट की लैंडिंग सफल तरीके से हो गई। एक्सपर्ट ने प्रारंभिक तौर पर मीथेन गैस के लीक होने से ब्लास्ट का अंदेशा जताया है।
12 लोगों को चांद तक पहुंचाने की प्लानिंग
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने 2023 तक 12 लोगों को चांद तक पहुंचाने का प्लान बनाया है। इसी प्लानिंग के तहत ये तैयारियां चल रहीं हैं। स्पेसएक्स एक प्राइवेट स्पेस रिसर्च कंपनी है।
चांद पर जाने का मौका, अरबपति ने मांगे नाम
एलन मस्क की 2023 में चांद पर जानी वाली स्पेसएक्स फ्लाइट के लिए जापान के अरबपति युसाकू मेजावा ने आम लोगों से नाम मांगे हैं। बकौल युसाकू, उन्होंने फ्लाइट की 8 सीटें खरीद लीं हैं, जिसमें वह चुने हुए लोगों को साथ ले जाना चाहते हैं। जापान के फैशन टायकून युसाकू ने सोशल मीडिया पर एक लिंक भी शेयर किया है, जिसमें आवेदन की तमाम जानकारियां हैं। उन्होंने कहा है- ‘मैं चाहता हूं कि सभी प्रकार के बैकग्राउंड से लोग इस ट्रिप का हिस्सा बनें।’
युसाकू ने कहा है कि वे सभी लोगों की यात्रा के लिए भुगतान करेंगे। युसाकू के मुताबिक, ‘आवेदकों को दो मानदंड पूरे करने होंगे। वे जिस काम में भी हैं, उसे इस तरह आगे बढ़ाना होगा जिससे समाज और दूसरे लोगों की मदद हो सके।
साथ ही उन्हें अन्य सदस्यों का भी समर्थन करना होगा, जो समान आकांक्षाओं को रखते हैं।’ बता दें 2018 में युसाकू ने घोषणा की थी कि वे टिकट खरीदने वाले पहले प्राइवेट पैसेंजर हैं। हालांकि उन्होंने कितना भुगतान किया, ये नहीं बताया।