384 पॉइंट गिरकर 51,060 पर आया सेंसेक्स, एक्सिस बैंक का शेयर 2% नीचेदुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के चलते घरेलू बाजार भी दबाव में कारोबार कर रहा है। BSE सेंसेक्स 384 अंकों की गिरावट के साथ 51,060.19 पर ट्रेड कर रहा है। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने दिन के सबसे निचले लेवल 50,539.92 को भी छुआ। इससे पहले लगातार तीन दिन से शेयर बाजार बढ़त दर्ज की गई थी। निफ्टी भी 114 अंक नीचे 15,130.85 पर कारोबार कर रहा है।
बैंकिंग और मेटल शेयरों में गिरावट
चौतरफा गिरावट में बैंकिंग और मेटल शेयर सबसे आगे हैं। निफ्टी बैंक इंडेक्स 573 अंकों की गिरावट के साथ 35,794.25 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा HDFC और एक्सिस बैंक के शेयरों में 2-2% की गिरावट है। इसी तरह HDFC बैंक का शेयर भी 2% गिर गया है। दूसरी ओर सन फार्मा और एशियन पेंट्स के शेयरों में 1-1% की बढ़त है।
एक्सचेंज पर 53% शेयरों में बढ़त
BSE पर 2,813 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,496 शेयरों में बढ़त और 1,151 में गिरावट है। इसमें 212 शेयर एक साल के सबसे ऊंचे लेवल पर कारोबार कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 210.30 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 210.22 लाख करोड़ रुपए रहा था।
ज्यादातर शेयर बाजारों में गिरावट
अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली के चलते अन्य शेयर बाजारों में भारी गिरावट है। जापान का निक्केई इंडेक्स 724 अंक नीचे 28,834 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 859 अंकों की गिरावट के साथ 29,021 पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह चीन का शंघाई कंपोजिट, कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स में 1.58% की गिरावट है।
अमेरिकी शेयर बाजार में बिकवाली, यूरोप में मामूली खरीदारी
अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक इंडेक्स 2.70% नीचे 12,997 पर बंद हुआ। इसके अलावा डाओ जोंस और S&P 500 इंडेक्स में 1.39% की गिरावट रही। दूसरी ओर यूरोपियन शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे। इसमें ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस के बाजार शामिल हैं।
घरेलू बाजार में बुधवार को जमकर खरीदारी रही थी
कल सेंसेक्स 1147 अंकों की बढ़त के साथ 51,444.65 पर और निफ्टी 326 अंक ऊपर 15,245.60 पर बंद हुआ था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,088.7 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 392.91 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।
शेयर मार्केट अपडेट LIVE…
10:21 AM BSE सेंसेक्स 748 अंकों की गिरावट के साथ 50,696.11 पर और निफ्टी 211 अंक नीचे 15,034.30 पर कारोबार कर रहा है।
10:17 AM BSE मेटल इंडेक्स 2.25% नीचे 14,222 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में शामिल सभी 10 मेटल शेयरों में गिरावट है। JSW स्टील के शेयर में सबसे ज्यादा 3.17% की गिरावट है।