रेप का आरोपी फरार:सुरक्षा में तैनात कर्मी बोला-आरोपी फुर्तीला था और मेरा वजन ज्यादा, इसलिए नहीं पकड़ पायासिविल अस्पताल यमुनानगर के कैदी वार्ड से रेप का आरोपी फरार
आरोपी और दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर, विभागीय जांच भी शुरू
सिविल अस्पताल यमुनानगर के कैदी वार्ड से रेप का आरोपी प्रवीन भाग निकला। यहां पर तैनात सुरक्षा कर्मी ने बताया कि आरोपी शनिवार रात करीब 12 बजे वार्ड से भाग निकला। आरोपी ने उसे धक्का दिया। उसने उसे पकड़ने के लिए पीछा भी किया। सुरक्षा कर्मी ने बताया कि आरोपी फुर्तीले शरीर का था और जबकि उसका वेट ज्यादा होने से वह उसे पकड़ नहीं पाया।
आरोपी प्रवीन यहां 18 फरवरी से एडमिट था। उसे माइग्रेन था। जेल जाने के बाद से फरार होने तक वह 5 बार इलाज के लिए जेल से सिविल अस्पताल आ चुका था। आरोपी ने कोर्ट में जमानत के लिए याचिका थी लेकिन कोर्ट ने डिसमिस कर दी थी। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम ने उसके घर और रिश्तेदारों के यहां रेड की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इस मामले में दो पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। फरार हुए आरोपी और दो पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज किया गया है।
वहीं, एसपी कमलदीप गोयल ने दोनों पुलिस कर्मियों पर विभागीय एक्शन के लिए जांच के आदेश जारी किए हैं। आरोपी प्रवीन को माइग्रेन के चलते सिविल अस्पताल के मानसिक रोग विशेषज्ञ ने एडमिट किया था। वह यहां 10 दिन से एडमिट किया था। इससे डॉक्टरों पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोपी पहले भी यहां कैदी वार्ड में इलाज कराने के लिए रह चुका है। बताया जा रहा है कि वह उस महिला को मारने की बात कहता था, जिसने उस पर रेप का आरोप लगाया है।
मुझे धक्का देकर भागा, मैंने पीछा किया: पुलिसकर्मी सुभाष
सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड में पुलिस कर्मी सुभाष और संजीव की शनिवार रात को ड्यूटी थी। सुभाष ने बताया कि रात करीब 12 बजे आरोपी प्रवीन कहने लगा कि उसके सिर में ज्यादा दर्द हो रहा है। इस पर वे उसे इमरजेंसी में डॉक्टर को दिखाने के लिए ले जाने लगे। जैसे ही कैदी वार्ड का गेट खोला तो वह उसे धक्का देकर फरार हो गया। उसने पीछा भी किया, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाया। उसका साथी संजीव पीछे वार्ड में मौजूद दो बंदियों की सुरक्षा के लिए गेट पर ताला लगाने गया था।
यहां तीन कर्मचारी ही तैनात, 24 घंटे रहती है ड्यूटी| सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की पहली मंजिल पर कैदी वार्ड बनाया हुआ है। यहां पर शनिवार को तीन बंदी एडमिट थे। इनकी सुरक्षा के लिए तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगी हुई है। यहां 24 घंटे ड्यूटी रहती है। पुलिस के कुछ कर्मचारी बताते हैं कि यहां पर छह कर्मचारियों की ड्यूटी होने चाहिए। तभी दो-दो कर्मचारी ड्यूटी पर रह सकते हैं।
मेन गेट के सीसीटीवी फुटेज में यह क्लियर नहीं हो पाया कि आरोपी किस समय भागा
इस मामले में एक बात सामने आ रही है कि रात को ड्यूटी पर दो की बजाए एक ही कर्मचारी था। जो कर्मचारी ड्यूटी पर था, उसका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता। उसकी प्राइवेट अस्पताल से दवा चल रही है। रात को दवा लेकर जैसे ही कर्मचारी लेटा तो इसी का फायदा आरोपी प्रवीन ने उठाया और वह निकल गया।
हालांकि सीसीटीवी की फुटेज और पुलिस अधिकारियों की जांच से पूरी तरह से क्लियर होगा कि किस समय आरोपी वहां से गया है और रात को एक कर्मचारी ड्यूटी पर था या फिर दो। ट्रॉमा सेंटर के मेन गेट पर लगे सीसीटीवी की फुटेज में यह क्लियर नहीं हो पाया है कि आरोपी किस समय भागा है।
घर में घुसकर रेप का आरोप, 4 अगस्त को दर्ज हुआ था केस
32 साल की महिला ने फर्कपुर पुलिस को शिकायत दी थी कि वह पृथ्वी नगर ए निवासी प्रवीन कुमार की डेयरी पर मई 2020 से दूध ले रही है। उसका पति एक साल से लापता है। यह बात प्रवीन को पता है। वह उससे शादी करने की बात कहने लगा। 15 जून को रात साढ़े 12 बजे प्रवीन छत के रास्ते से उनके घर में घुस गया। उसने उसके साथ रेप किया। उसने शोर मचाया तो मारपीट की और धमकी देकर फरार हो गया था। पुलिस ने चार अगस्त को धारा-323, 452, 376 और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया था। प्रवीन की पत्नी उससे अलग रहती थी। पुलिस ने 15 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद कोर्ट में पेशकर उसे जेल भेज दिया था।
टीमें आरोपी की तलाश में जुटी ^पुलिस टीमें फरार हुए आरोपी की तलाश में लगी है। उम्मीद है कि वह जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। वहीं जिन पुलिस कर्मियों की वहां पर ड्यूटी थी, उन पर केस दर्ज कर लिया है। विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट मिलते ही उन पर एक्शन होगा। कमलदीप गोयल, एसपी।