मौसम:रात में भी गर्मी, नारनौल में 18.2, हिसार में 16.8 डिग्री रहा तापमान2 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ, पहाड़ों से आएगी कुछ ठंडक
अब रात को भी गर्मी बढ़ने लगी है। हिसार व नारनौल के अलावा अन्य जिलों में रात का तापमान सामान्य से सात से 9 डिग्री अधिक हो चुका है। नारनौल में पारा 18.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिसार में यह 16.8 डिग्री रहा। करनाल में रात का पारा 17 डिग्री रहा, जबकि अम्बाला में 15.7 डिग्री दर्ज किया गया।
दिन में भी पारा सामान्य से छह से आठ डिग्री तक अधिक है। अब तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। दो मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ के आसार हैं। हालांकि इसका असर पहाड़ी इलाकों में ही देखने को मिलेगा। पहाड़ों की ओर से मैदानी इलाकों में कुछ ठंड आ सकती है।
प्रदेशभर में 0.4 एमएम बरसात
शुक्रवार रात प्रदेशभर में 0.4 एमएम बरसात हुई। पंचकूला में 1.1 एमएम, यमुनानगर में 1.9, अम्बाला में 5.1, करनाल में 4.4, पानीपत में एक, कैथल में 1.2, कुरुक्षेत्र में 2 जबकि फतेहाबाद में 0.2 एमएम बरसात हुई।
फरवरी में सामान्य से 68% कम बरसात
फरवरी में महज 5 एमएम बारिश हुई है। जोकि, सामान्य से 68 फीसदी कम है। जबकि, एक जनवरी से 27 फरवरी तक प्रदेश में 26.3 एमएम बरसात हुई है, जो सामान्य से 12 फीसदी कम है।