पानीपत का मौसम:कोहरे से सुबह 40 मीटर रही विजिबिलिटी, तापमान में बढ़ोतरीबुधवार के मुकाबले गुरुवार को और गहरी रही कोहरे की चादर
20 फरवरी तक मौसम खुश्क रहने और तापमान बढ़ने के आसार
पानीपत में गुरुवार की सुबह घना कोहरा छाया। जिस कारण विजिबिलिटी 40 मीटर रही। हालांकि अधिकतम तापमान में 1.8 और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने 20 फरवरी तक सुबह के समय कोहरा छाने और दिन में धूप निकलने की संभावना जताई है। गुरुवार को सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पानीपत में सुबह के समय कोहरे की मार गुरुवार को भी जारी रही। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को कोहरा अधिक घना दिखा। जिससे विजिबिलिटी करीब 40 मीटर पर रह गई और हाईवे पर वाहन चालकों को परेशानी का समाना करना पड़ा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर से नमी मिलने और पंजाब की ओर से आ रही सर्द हवाओं के कारण सुबह और शाम को कोहरा छा रहा है। हालांकि दोपहर में खिल रही धूप से लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिल रही है। हरियाणा कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन ने बताया कि 20 फरवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।